बहराइच में ओवैसी का सपा-कांग्रेस पर निशाना, बोले- मुस्लिमों की राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं चाहते ये लोग
बहराइच, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सपा पर मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से आगे नहीं बढ़ने देने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा चुनावों को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए ओवैसी ने कर्नाटक, तेलंगाना और केरल को लेकर सवाल उठाए।
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 के बाद हुए चुनावों में सपा लगातार हार का सामना करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग कभी नहीं चाहते कि मुस्लिम समाज की अपनी कोई राजनीतिक ताकत बने और वह अपने मान-सम्मान तथा राजनीतिक हिस्सेदारी की बात करे।
उन्होंने कहा, "सपा के लोग बस यह चाहते हैं कि अब्दुल सिर्फ दरी बिछाए, भैया के आगे-पीछे दौड़ता रहे और वोट देकर फिर सो जाए। हमारी मस्जिदें टूटती रहें, झूठे इल्जाम लगाकर एनकाउंटर कर दिया जाए या फिर जेल में डाल दिया जाए।"
एआईएमआईएम को भाजपा की सहयोगी पार्टी बताए जाने के आरोपों पर ओवैसी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देने वाले लोग अहंकार में डूबे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों से मुस्लिम समाज के प्रति उनकी सोच जाहिर होती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लोकसभा और राज्य विधानसभाओं को भंग कर बैलेट पेपर से नए चुनाव कराने संबंधी बयान पर भी ओवैसी ने तंज कसा।
उन्होंने कहा, "खुशखबरी यह है कि अब हम भाजपा की 'बी टीम' नहीं रहे, क्योंकि हार का ठीकरा ये लोग मुझ पर ही फोड़ते आ रहे हैं। अब ये यह भी कह दें कि उनकी हार के पीछे हमारी पार्टी वजह नहीं रही है।"
ओवैसी ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर चुनाव को ही अवैध बताया जा रहा है तो कर्नाटक में कांग्रेस क्या करेगी। उन्होंने तेलंगाना और केरल में चुनावों को लेकर भी सवाल किया।
ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी एसआईआर के खिलाफ थे और आज भी इसके विरोध में हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर को लेकर वे अदालत भी गए थे और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में फैसला दिया था।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में आम जनता एसआईआर की प्रक्रिया से परेशान है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी