×

जम्मू-कश्मीर : बच्ची की निर्मम हत्या पर उपराज्यपाल ने जताया दुख, बोले-दोषियों को सजा जरूर मिलेगी

 

श्रीनगर, 25 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में एक बच्ची की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इस घटना को जघन्य अपराध बताया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को समयबद्ध और गहन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपराज्यपाल ने पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस जघन्य अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा जरूर मिलेगी। उपराज्यपाल ने इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की।

गौरतलब है कि बडगाम जिले में 12 वर्षीय लड़की शनिवार को लापता हो गई थी। लड़की के लापता होने की रिपोर्ट शनिवार शाम को दर्ज की गई थी। पुलिस को उसका शव रविवार को बडगाम के गालवानपोरा इलाके में उसके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर मिला। बडगाम के एसएसपी हरिप्रसाद के.के. के मुताबिक, नाबालिग बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था और उसकी तलाश में अभियान चलाया गया। इसी दौरान रविवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला दुष्कर्म और हत्या का प्रतीत हो रहा है। यह जघन्य अपराध ऐसे समय में हुआ है, जब कश्मीर घाटी में मुसलमानों के पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की तैयारियां चल रही हैं।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाबालिग बच्ची की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक है। उन्होंने इस क्रूर घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए जांच एजेंसियों को हरसंभव सहयोग देगी।

वरिष्ठ धार्मिक नेता मीरवाइज उमर फारूक ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बडगाम में 12 साल की एक लड़की की दुखद मौत से उनका दिल टूट गया है और वे बेहद परेशान हैं।

--आईएएनएस

ओपी/एएस