प्रयागराज : बड़े मंगल पर लेटे हुए हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन ने संभाली भीड़ व्यवस्था
प्रयागराज, 12 मई (आईएएनएस)। ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर लेटे हुए हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संगम तट पर स्थित बड़े हनुमान मंदिर में सुबह तड़के 4 बजे से ही दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मंदिर परिसर 'जय श्री राम' और 'बजरंगबली की जय' के जयकारों से गूंज उठा। दूर-दूर से आए श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आए।
मंदिर के पुजारी ने आईएएनएस को बताया कि ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल बेहद खास माना जाता है। यह दिन भगवान हनुमान को समर्पित होता है और मान्यता है कि इस दिन पूजा करने से सुख, सौभाग्य, आयु, आरोग्य और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि राम भक्त हनुमान अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं, इसलिए इस दिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए आते हैं।
एक श्रद्धालु ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही मंदिर के बाहर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसके बावजूद, दर्शन व्यवस्था काफी अच्छी है। पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति लगातार लोगों को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में जुटी रही। उन्होंने बताया कि इतनी भीड़ होने के बाद भी प्रशासन ने व्यवस्था संभाल रखी है और सभी लोग अच्छे से दर्शन कर पा रहे हैं।
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि बड़े मंगल के दिन हनुमान जी के दर्शन करने से हर मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज का लेटे हुए बड़े हनुमान जी का मंदिर विश्व में अपनी तरह का अनोखा मंदिर माना जाता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भगवान जरूर सुनते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने भगवान से देश की रक्षा और सुख-शांति की प्रार्थना की है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भीड़ पर नजर बनाए हुए थे ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं के लिए पानी, बैरिकेडिंग और लाइन व्यवस्था जैसी सुविधाएं भी की गई थीं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस