×

बदलते दौर के साथ खुद को ढालता दिखेगा मिश्रा परिवार, गीतांजलि कुलकर्णी बोलीं- 'गुल्लक 5 में नजर आएंगी नई चुनौतियां'

 

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। मध्यमवर्गीय परिवार की जिंदगी को अलग अंदाज में दिखाने वाला लोकप्रिय शो 'गुल्लक' एक बार फिर नए सीजन के साथ लौटने जा रहा है। मिश्रा परिवार की नोकझोंक, प्यार, जिम्मेदारियां और छोटे-छोटे सपनों से लोग जुड़ाव महसूस करने लगे हैं। अब 'गुल्लक 5' में दर्शकों को उसी परिवार की जिंदगी में कुछ नए बदलाव देखने को मिलेंगे। इस बार कहानी में बदलते समय, नई तकनीक और सोशल मीडिया के असर को मजेदार अंदाज में दिखाया जाएगा।

अभिनेत्री गीतांजलि कुलकर्णी, जो शो में शांति मिश्रा का किरदार निभा रही हैं, ने नए सीजन को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, ''इस नए सीजन में नई चुनौतियां और नई खुशियां देखने को मिलेंगी। शांति हमेशा से मिश्रा परिवार की ताकत रही हैं। घर की हर परेशानी और हर खुशी में वह पूरे परिवार को संभालती नजर आई हैं। लेकिन इस बार दर्शकों को मेरे इस किरदार का थोड़ा अलग रूप देखने को मिलेगा। अब वह बदलती दुनिया को समझने और उसके साथ खुद को ढालने की कोशिश करती नजर आएंगी।''

गीतांजलि ने कहा, ''मुझे 'गुल्लक' की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि यह शो जिंदगी को बिना किसी दिखावे के बहुत सच्चाई से दिखाता है। यही वजह है कि लोग इस शो के किरदारों में खुद को और अपने परिवार को देख पाते हैं।''

बता दें कि इस बार कहानी में मिश्रा परिवार के घर में भी बदलाव दिखाई देगा। घर में नया रंग-रोगन होगा, वाई-फाई कनेक्शन होगा और नई चीजों को अपनाने की कोशिश भी दिखाई जाएगी। लेकिन, इन बदलावों के बीच परिवार के पुराने संस्कार, रिश्तों की मिठास और एक-दूसरे के लिए चिंता वैसी ही बनी रहेगी। शो यह दिखाने की कोशिश करेगा कि बदलते समय में भी परिवार की असली ताकत साथ रहने और एक-दूसरे को समझने में होती है।

नए सीजन में शांति मिश्रा की जिंदगी में एक मजेदार मोड़ भी आएगा। 'बिट्टू की मम्मी' नाम से उन्हें ऑनलाइन दुनिया में थोड़ी पहचान मिलने लगेगी। अचानक सोशल मीडिया पर लोगों की अटेंशन मिलने से वह खुद भी इस नई दुनिया का आनंद लेती दिखेंगी।

'द वायरल फीवर' द्वारा निर्मित इस शो में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मायर, सुनीता राजवार, हेली शाह और अनंत जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'गुल्लक 5' का प्रीमियर 5 जून को सोनी लिव पर होगा।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम