बच्चों और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना होगा: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
दमन, 23 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दमन के देवका बीच पर आयोजित मानसून फेस्टिवल-2026 में लोगों से नशे से दूर रहने और बच्चों व युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दमन जैसे पर्यटन स्थल पर नशे का प्रलोभन आसानी से मिल सकता है, इसलिए समाज को मिलकर नशामुक्ति की दिशा में काम करना होगा।
राज्यपाल ने कहा, “हमें सबसे पहले अपने परिवार के बारे में सोचना होगा। नशे की वजह से हमारा शरीर अंदर से खोखला हो जाता है और कब भगवान हमें अपने पास बुला लें, इसका पता भी नहीं चलता। इसके बाद परिवार किस स्थिति से गुजरता है, यह सभी जानते हैं।”
उन्होंने कहा कि आज दमन में भी विभिन्न प्रकार के ड्रग्स पहुंच चुके हैं और यह चिंता का विषय है। ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को जागरूक और सतर्क रखें।
आनंदीबेन पटेल ने लोगों से सामूहिक संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी नशे से दूर रहें, बच्चों और युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि मानसून फेस्टिवल जैसे आयोजन केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण अवसर हैं।
इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से तेजस एक्सप्रेस के जरिए सूरत के लिए रवाना हुईं।
इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने उनका स्वागत किया और अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्टेशन को आधुनिक, विश्वस्तरीय और यात्री-केंद्रित सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।
डीआरएम ने गुजरात में पश्चिम रेलवे की ओर से चल रही रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और आधुनिकीकरण से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
--आईएएनएस
डीएससी