☰
×

बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर लापरवाह है झारखंड सरकार, अनहोनी हुई तो होगी जिम्मेदारी : भाजपा

 

रांची, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने रविवार को पार्टी की ओर से जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि 13 साल पुराने बुलेटप्रूफ वाहन के बार-बार खराब होने की शिकायत के बावजूद राज्य सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

बाबूलाल मरांडी ने 9 नवंबर को अपना बुलेटप्रूफ वाहन सरकार को लौटा दिया था लेकिन इसके बाद भी इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई है। अजय शाह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर वाहन की स्थिति से अवगत कराया था। उनके आप्त सचिव ने गृह सचिव को भी पत्र लिखा था। डीजीपी और आईजी प्रोविजन को कई बार इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मरांडी ने 9 नवंबर को वाहन वापस कर दिया था। इसके बावजूद सरकार ने अब तक संज्ञान नहीं लिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले में 26-27 गाड़ियां चलती हैं जबकि नेता प्रतिपक्ष को बार-बार खराब होने वाला पुराना बुलेटप्रूफ वाहन दिया गया है। उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियां भी जर्जर हैं और चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की स्थिति पर भी चिंता जताई। पूर्व सीएम मुंडा के कार्यालय से छह बार पत्राचार किया गया और गृह विभाग ने कार्रवाई का निर्देश भी दिया लेकिन समस्या बनी रही। उन्होंने 6 नवंबर को अर्जुन मुंडा के काफिले के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का भी उल्लेख किया।

भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार जमीन दलालों और अवैध खनन माफियाओं की सुरक्षा की चिंता करती है लेकिन नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा के मामले में उदासीन है। प्रवक्ता अजय शाह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा का आकलन स्वयं सरकार और प्रशासन ने किया है। ऐसे में उनके और सुरक्षा दस्ते के लिए सुरक्षित वाहन उपलब्ध नहीं कराना गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी पहले ही अपने बेटे को खोने का असहनीय दुख झेल चुके हैं। सरकार को उनकी सुरक्षा के मामले में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। भगवान न करे कि कोई अप्रिय घटना हो लेकिन ऐसी कोई अनहोनी हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि वाहन बदलने में आखिर क्या बाधा है और अधिकारी इस फैसले को क्यों टाल रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम