बाबा रामदेव ने सीएम योगी की मां के निधन पर जताया शोक, राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना की
गोंडा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। योग गुरु रामदेव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना करते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। इसके अलावा, रामदेव ने भारत की विदेश नीति और अर्थव्यवस्था पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून जल्द लागू करने की मांग करते हुए दो से अधिक बच्चे पैदा करने वालों को सरकारी सुविधाओं से वंचित करने की बात कही।
योग गुरु रामदेव ने कहा कि पूज्य सावित्री देवी ने अपनी भौतिक देह का त्याग किया है। उन्होंने ऐसे पुत्र को जन्म दिया, जिसने सनातन धर्म और राष्ट्रधर्म की कीर्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया। रामदेव ने दिवंगत माता की आत्मा की शांति, भगवत शरणागति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ केवल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि सनातन धर्म, राष्ट्रधर्म और सेवा धर्म के बड़े पुरोधा हैं। मां का पूरा अस्तित्व संतान में बसता है और मां की उपस्थिति परिवार के लिए बहुत बड़ा आशीर्वाद होती है। भले ही माता ने पूर्ण आयु प्राप्त की हो, लेकिन उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
रामदेव ने कहा कि मां का भौतिक साया सिर से उठने के बाद भी उसकी कमी और पीड़ा बनी रहती है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि योगी आदित्यनाथ को इस दुख से उबरने के लिए आंतरिक शक्ति मिले, ताकि वह पहले की तरह पूरी प्रामाणिकता के साथ भारत माता की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा कि करोड़ों माताओं का आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ के साथ है। उन्होंने पंचूर गांव में सावित्री देवी की साधारण पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व असाधारण था। उन्होंने ऐसी संतान को जन्म दिया, जो भारत और धरती माता का गौरव है। रामदेव ने इस दुख की घड़ी को पूरे देश के लिए शोक का विषय बताया।
भारत की अर्थव्यवस्था और विदेश नीति पर राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर रामदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कभी भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी कहना और कभी विदेश नीति को घटिया बताना उचित नहीं है। भारत के ग्रंथों, संतों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर भी अनर्गल टिप्पणियां की जाती हैं, जो शर्मनाक हैं। मनुस्मृति, रामचरितमानस, वेद, दर्शन और पुराणों के बारे में अपमानजनक बातें करना धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक पाप है।
रामदेव ने यह भी कहा कि भगवान शिव और माता पार्वती जैसी परमार्थिक सत्ताओं की तुलना सामान्य मनुष्यों से करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, राष्ट्र, लोकतंत्र, संविधान और विदेश नीति जैसे विषयों पर टिप्पणी करने से पहले सभी को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इन विषयों पर बोलते समय जिम्मेदारी और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
विश्व स्तर पर मुस्लिम आबादी बढ़ने और भारत में हिंदू आबादी घटने से संबंधित रिपोर्ट के सवाल पर रामदेव ने कहा कि दुनिया के कई देशों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि बच्चों की संख्या बढ़ाने के बजाय उनकी गुणवत्ता, शिक्षा, बुद्धिमत्ता, चरित्र और आत्मनिर्भरता पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे बच्चे होने चाहिए, जो किसी पर निर्भर न रहें और अपने जीवन में सक्षम बनें। केवल आबादी बढ़ाने से संसार पर बोझ बढ़ता है।
उन्होंने धर्म परिवर्तन के संदर्भ में भी टिप्पणी की। रामदेव ने कहा कि भारत में लगभग 99 प्रतिशत मुसलमान धर्म परिवर्तन के कारण इस समुदाय का हिस्सा बने हैं और उनके पूर्वज एक ही रहे हैं। मजहब अलग हो सकते हैं, लेकिन पूर्वज, डीएनए, संस्कृति, संस्कार और सदाचार अलग नहीं हो सकते। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपने पूर्वजों और सांस्कृतिक परंपराओं पर गौरव करने की बात कही।
जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग करते हुए रामदेव ने कहा कि भारत में यह कानून जल्द बनना चाहिए। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि दो से अधिक बच्चे पैदा करने वालों को सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाना चाहिए। ऐसे परिवारों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में शिक्षा, सरकारी कॉलेजों में उपचार और सरकारी नौकरियों का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने ऐसे लोगों के मतदान के अधिकार पर भी रोक लगाने की मांग की। इसके बाद कोई अपनी क्षमता के अनुसार जितनी संतान चाहे पैदा कर सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ लोगों द्वारा जनसंख्या का बोझ बढ़ाने से दूसरों के अधिकार क्यों प्रभावित होने चाहिए।
कश्मीर में स्थानीय आतंकवादियों की मौजूदगी समाप्त होने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर रामदेव ने प्रतिक्रिया दी। देश में नक्सलवाद और आतंकवाद का खात्मा होना राष्ट्रीय गौरव का विषय है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की सराहना करते हुए उनके साहस और पराक्रम को प्रणाम किया। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए मजबूत नेतृत्व जरूरी है।
--आईएएनएस
पीएसके