'बाप पर मत जाना...' बिग बॉस 20 के प्रोमो में मनोज तिवारी की बेटी को नसीहत देते नजर आए सलमान
मुंबई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' एक बार फिर दर्शकों के बीच हलचल मचाने को तैयार है। शो के नए सीजन यानी 'बिग बॉस 20' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। इसी बीच शो का एक प्रोमो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता और शो के होस्ट सलमान खान भोजपुरी स्टार और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को मजेदार अंदाज में नसीहत देते नजर आ रहे हैं।
अभिनेता और भाजपा नेता मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शो के प्रोमो का वीडियो शेयर किया है। प्रोमो में सलमान खान का अंदाज हमेशा की तरह काफी बेबाक और मजेदार दिखाई दे रहा है।
जैसे ही शो के स्टेज पर मनोज तिवारी गाना गाते हुए पहुंचते हैं तो सलमान कहते हैं, "कहीं ऐसा तो नहीं कि हमने तथास्तू बोला और आपने सोचा कि बिग बॉस में दो-दो बार आ सकते हैं।" इसके जवाब में मनोज तिवारी कहते हैं, "इस बार मैं अपनी बेटी को बिग बॉस के दरवाजे छोड़ने आया हूं।"
इसके बाद गाना गाते हुए रीति भी स्टेज पर आती हैं। इस दौरान सलमान रीति से बातचीत करते हुए उन्हें बिग बॉस के घर में काम और खाने-पीने की चीजों को लेकर कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाले तकरार को लेकर आगाह करते हैं।
इसी बातचीत के दौरान सलमान रीति को अंडों को लेकर भी मजेदार अंदाज में चेतावनी देते दिखाई देते हैं। वह कहते हैं कि घर में अंडों को लेकर कभी लड़ाई मत करना और फिर हंसते हुए कहते हैं कि बाप पर मत जाना। उनकी इस मजेदार नसीहत के बाद रीति सलमान की बात दोहराते हुए कहती हैं कि बाप पर मत जाना।
रीति तिवारी की एंट्री को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। मनोज तिवारी भोजपुरी सिनेमा और राजनीति की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। ऐसे में उनकी बेटी का रियलिटी शो का हिस्सा बनना अपने आपमें चर्चा का विषय बन गया है। दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि रीति बिग बॉस के घर में किस तरह का गेम खेलती हैं। क्या वह शांत रहकर अपना गेम आगे बढ़ाएंगी या फिर घर के विवादों में खुलकर अपनी राय रखेंगी? यह तो शो शुरू होने के बाद ही पता चलेगा।
बता दें कि रीति तिवारी एक पॉपुलर सिंगर, सॉन्गराइटर और कंपोजर हैं। रीति ने साल 2024 में भाजपा में शामिल होकर राजनीति में भी कदम रखा। वह 'रीति स्पोर्ट्स' की डायरेक्टर और जूलरी फर्म 'जूनी कंपनी' की को-फाउंडर भी हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम