×

आजमगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

 

आजमगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। यूपी के आजमगढ़ में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर थाना कंधरापुर क्षेत्र के माइलस्टोन 238 के पास हुए इस भीषण हादसे में मैके पर ही 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने घायलों और मृतकों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और एक्सप्रेस-वे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। मौके पर एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक चलती कंटेनर ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से घुस गई।

एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक चलते हुए कंटेनर ट्रक में एक कार पीछे से घुस गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, आजमगढ़ सीओ सीटी, फायर ब्रिगेड की टीम, एंबुलेंस और मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। सभी मृतकों के शवों को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भिजवाया गया। इस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें सूचित किया जा रहा है।

इससे पहले, यूपी के अमेठी में शुक्रवार को हुए एक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शिवगंज के पास रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन लोग विपरीत दिशा से आ रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

--आईएएनएस

पीएसके