आजम खान पर राजनीति नहीं, पहले सपा अपने व्यवहार का जवाब दे : चिराग पासवान
पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को पूर्व मंत्री आजम खान को लेकर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि आजम खान के साथ नाइंसाफी हो रही है और वक्त आने पर जनता जवाब देगी। अखिलेश के इस पोस्ट के बाद से सियासी राजनीति तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान पर जुल्म करने वाली भाजपा सरकार को ये याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी एक हाथ में नहीं रहती है। सत्ता सदुपयोग के लिए होती है, दुरुपयोग के लिए नहीं। सब लोग इस बात को समझ रहे हैं।
अखिलेश के इस पोस्ट पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अखिलेश को खुद यह बताना चाहिए कि उनकी पार्टी ने आजम खान के साथ कैसा बर्ताव किया। चिराग पासवान ने कहा कि सबसे पहली बात तो यह है कि सरकारें जनता द्वारा चुनी जाती हैं। किसी को भी यह अहंकार नहीं होना चाहिए कि वे हमेशा के लिए सत्ता में बने रहेंगे। सभी को विनम्रता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते रहना चाहिए और हम भी यही करने की कोशिश कर रहे हैं। जहां तक आजम खान की बात है तो उन्हें सबसे पहले इस बात का जवाब देना चाहिए कि उनकी अपनी पार्टी के लोगों ने उनके साथ कैसा बर्ताव किया। जिन लोगों ने उनका साथ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा की वजह से छोड़ा, उनसे सवाल किया जाना चाहिए। अब दोबारा उनका हाथ थामने का प्रयास सिर्फ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को साधने के लिए किया जा रहा है।
छठ पूजा को लेकर सांसद कल्याण बनर्जी के बयान पर पासवान ने कहा कि कुछ क्षेत्रीय नेता 'ब्रांड भारत' को नुकसान पहुंचा रहे हैं और 'बांटो और राज करो' की राजनीति में शामिल हैं। ये वही नेता हैं जो लोगों को बंगाली, बिहारी और मराठी के आधार पर बांटकर क्षेत्रीय राजनीति करते हैं और इन्होंने ही भारत और 'ब्रांड भारत' को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। जब हम विदेश जाते हैं या दूसरे देशों के लोग हमारे बारे में कोई टिप्पणी करते हैं, तो वे ऐसा इसलिए नहीं करते कि हम बिहारी, मराठी या बंगाली हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि हम भारतीय हैं। हर देश का त्योहार हर जगह मनाए जा सकते हैं। इसी भावना के साथ हमें बढ़ने की जरूरत है।
हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय भारत समिट को लेकर पासवान ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिरी बार यह कब हुआ था जब कोई विदेशी हमारी धरती पर आकर हमारे सिस्टम, नीति के बारे में बोल कर जाए। कांग्रेस के नेता चाहते हैं कि देश की राजनीति में विदेशी दखल हो, जैसा कभी पूर्व पीएम नेहरू ने कश्मीर के विषय पर किया था।
चिराग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लालच में कितना बर्बादी करना चाहते हैं। विपक्ष को सत्ता पक्ष से कुछ सवाल करना है तो हम हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि कोई विदेशी बाहर से आए और हमारी व्यवस्था पर उंगली उठाए। चिराग ने पूछा कि जब ऐसा हुआ तो क्यो न माना जाए कि इन लोगों के तार विदेशी ताकतों के साथ जुड़े हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी