सपा नेता आजम खान की जमानत को बरी होना बताने की कोशिश गलत : राम कदम
मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता राम कदम और शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता राम कदम ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी भक्ति पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को लेकर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की। दूसरी ओर, शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को कोई परेशानी नहीं हो रही है।
धीरेंद्र शास्त्री से जुड़े धार्मिक विवाद पर भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि उन्होंने स्वयं वृंदावन जाकर बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की और ब्रजवासियों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सनातन हिंदू परंपरा में भगवान राम और भगवान कृष्ण को एक ही माना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का वर्णन भी विभिन्न धार्मिक ग्रंथों में मिलता है।
राम कदम ने कहा कि भक्ति और भावुकता की अवस्था में किसी संत द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों पर चर्चा हो सकती है लेकिन धीरेंद्र शास्त्री की भक्ति पर विवाद नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक संत और धर्मगुरु को अपने शब्दों का चयन सावधानी से करना चाहिए ताकि किसी की धार्मिक आस्था और भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर राम कदम ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान अलग-अलग मामलों में पांच साल से अधिक समय तक जेल में रहे हैं। अब जमानत पर बाहर आने के बाद उन्हें इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे वे सभी मामलों में बरी हो गए हों।
राम कदम ने उत्तर प्रदेश की जनता का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के लोग विकास और सुशासन चाहते हैं। उन्हें न तो गुंडागर्दी वाला शासन चाहिए और न ही तुष्टिकरण है।
दूसरी ओर, शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने एसआईआर प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर अविश्वास जताना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का विरोध वही लोग कर रहे हैं, जिन्हें अवैध रूप से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वालों को फायदा पहुंचने से रोकने पर परेशानी हो रही है।
आनंद दुबे ने कहा कि आम मुंबईकरों, मराठी लोगों और हिंदुओं को एसआईआर प्रक्रिया से कोई परेशानी नहीं है। मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम