☰
×

आजम खान की 'बिरयानी' वाली टिप्पणी पर भाजपा का कटाक्ष, कहा- 'यूपी के लोग नहीं करेंगे सपा को स्वीकार'

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों ने सपा नेता आजम खान की 'बिरयानी' वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग कभी समाजवादियों को स्वीकार नहीं करेंगे।

दरअसल, आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टियों के बीच गठबंधन पर कटाक्ष किया था और कहा कि उत्तर प्रदेश और रामपुर के लोग 'हैदराबादी बिरयानी' पसंद नहीं करते हैं।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आजम खान के बयान पर कहा, "आजम खान कुछ भी कर लें, समाजवादी पार्टी कोई भी जतन कर ले, प्रदेश के लोग कभी इनको स्वीकार नहीं करेंगे।"

उन्होंने कहा, "ये आजम खान वही हैं, जो जब सूबे में सत्ता में होते हैं तो भारत माता को 'डायन' कहते हैं और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को 'भू-माफिया' बोलते हैं। उत्तर प्रदेश में जब-जब सपा सत्ता में रही, गुंडे-माफियाओं को ही आगे बढ़ाया है।"

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा, "हम आजम खान से कहेंगे कि पूरे राज्य के मुसलमान चाहते हैं कि कोई मुस्लिम बेटा मुख्यमंत्री बने। उन्हें बिरयानी और हैदराबादी खाने के बारे में भूल जाना चाहिए। अगर आजम खान में हिम्मत है, तो उन्हें अखिलेश यादव से कहना चाहिए कि वे इस बार घोषणा करें कि मुख्यमंत्री एक मुस्लिम बनेगा।"

उन्होंने कहा कि ओवैसी अपनी कौम को जागरुक कर रहे हैं। आजम खान सिर्फ (अपने समुदाय को) झोले में भरकर अखिलेश यादव के पास ले जाते हैं।

भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "उत्तर प्रदेश के चुनाव की राजनीति कहां से कहां तक आ गई है। पहले समाजवादी पार्टी के नेता अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन की बात कर रहे थे और बाद में वही नेता राम कथा को रोक रहे थे। नैराश्य इतना है कि अब उसी समाजवादी पार्टी के नेता, जो पांच साल से अधिक समय तक कारावास में रहे हैं और जिन पर 110 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, वे नेता मटन बिरयानी की बात कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के लोगों को मटन बिरयानी अधिक पसंद है। दूसरी ओर ओवैसी चिकन बिरयानी की बात कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश देवताओं की भूमि है। मान्यताएं हैं कि त्रिशूल की नोक पर बाबा विश्वनाथ की काशी बसी है। प्रयागराज में संगम तट पर कुंभ लगता है। क्या इस पवित्र भूमि को आप चिकन बिरयानी और मटन बिरयानी के साथ जोड़कर वहां की भूमि और लोगों का अपमान करोगे?"

--आईएएनएस

डीसीएच/