×

राम मंदिर परिसर के गणेश मंदिर पर 11 अप्रैल को होगा ध्वजारोहण, ट्रस्ट ने पूरी की तैयारियां

 

अयोध्या, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में एक और धार्मिक कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। 11 अप्रैल को परिसर के परकोटे के दक्षिण-पूर्वी कोने में स्थित गणेश मंदिर पर धर्म ध्वज (झंडा) फहराया जाएगा। यह कार्यक्रम उसी शृंखला का हिस्सा है, जिसमें परिसर के अलग-अलग मंदिरों पर धीरे-धीरे ध्वजारोहण किया जा रहा है।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया कि यह एक विशेष आयोजन होगा। इस दिन सिर्फ ध्वजारोहण ही नहीं होगा, बल्कि इस पूरे निर्माण कार्य में जिन लोगों ने योगदान दिया है, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई गई है। साथ ही लार्सन एंड टुब्रो (एलटी) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) जैसे निर्माण कार्य से जुड़े बड़े संस्थानों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

राम मंदिर परिसर सिर्फ मुख्य मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके चारों ओर एक बड़ा परकोटा बनाया गया है, जिसकी लंबाई करीब 732 मीटर और क्षेत्र लगभग 8 एकड़ है। इस परकोटे के अलग-अलग कोनों में भगवान शिव, गणेश, दुर्गा, अन्नपूर्णा, सूर्य और हनुमान जी के मंदिर बनाए गए हैं। इन सभी छोटे मंदिरों को भी मुख्य मंदिर के साथ ही धार्मिक रूप से स्थापित किया गया है।

पिछले साल 5 जून को इन सहायक मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया था। उसी समय रामलला के मुख्य मंदिर के साथ-साथ राम परिवार की स्थापना भी प्रथम तल पर की गई थी। अब धीरे-धीरे इन सभी मंदिरों में अंतिम धार्मिक सजावट और प्रतीकात्मक कार्य पूरे किए जा रहे हैं, जिसमें शिखर पर कलश और ध्वजदंड लगाना शामिल है।

इसी क्रम में अब गणेश मंदिर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। यह काम वैशाख कृष्ण नवमी के दिन तय किया गया है। ट्रस्ट के मुताबिक यह प्रक्रिया एक-एक करके सभी मंदिरों में पूरी की जाएगी, ताकि पूरे परिसर में धार्मिक रूप से सभी संरचनाएं पूर्ण मानी जा सकें।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी