अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट जाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी को मिली पाकिस्तानी नंबर से धमकी
लुधियाना, 29 मार्च (आईएएनएस)। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को अब जान से मारने की धमकी मिली है। जिस नंबर से उन्हें डराने-धमाके की कोशिश की गई है, वह नंबर पाकिस्तान का है। धमकाने वाले शख्स ने आशुतोष से अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने के लिए कहा।
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज का कहना है कि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के चेले कांग्रेस और सपा वाले हैं, जिनके हमेशा से पाकिस्तान कनेक्शन रहे हैं लेकिन हम किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं है।
श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज सनातनी धार्मिक यात्रा के लिए लुधियाना पहुंचे हैं। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एक विशेष मामले के संबंध में उन्हें एक पाकिस्तानी फोन नंबर से धमकियां मिल रही हैं और उन पर मामला वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है।
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने कहा, "धमकी देकर कहा गया कि भारत में हमारे गुरु शंकराचार्य हैं, जिसके खिलाफ आपने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल की है, उसे वापस ले लो, नहीं तो तुम्हें और तुम्हारे वकील को बम से उठा देंगे। हमने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई और पता चला कि नंबर पाकिस्तान का है। मैं उन विधर्मियों से कहना चाहता हूं कि घर में नहीं है दाने और अम्मा चली भुनाने। मतलब तुम्हारे खुद के घर में खाने के लाले पड़े हैं और तुम हमें धमकी दे रहे हो।"
उन्होंने कहा कि कोर्ट की तरह से किसी भी तरह का बयान देने के लिए मना किया है और यही कारण है कि मैं नाम लेना नहीं चाहता, लेकिन उनकी धमकियों से डरकर हम पीछे नहीं हटने वाले हैं, बल्कि मामले को और आगे लेकर जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट में मजबूती के साथ साक्ष्य रखेंगे और गुनहगारों को सजा दिलाकर रहेंगे।
कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमें पता है कि उनकी ताकतें कौन हैं और कांग्रेस और सपा के लोग उनके चेले हैं। इनके पहले से ही पाकिस्तान से रिश्ते मजबूत रहे हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।
--आईएएनएस
पीएस/वीसी