ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 3 विकेट से हराया, मेलबर्न में बनाया सबसे बड़ा रन चेज रिकॉर्ड
मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 3 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड से मिले 188 रनों के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने बड़ी उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है। यह ऑस्ट्रेलिया का टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज है।
दरअसल, यह मेलबर्न के मैदान पर भी अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने इस ऐतिहासिक ग्राउंड पर श्रीलंका के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने मेलबर्न में साल 2017 में 169 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था।
टी20 क्रिकेट में यह ऑस्ट्रेलिया का तीसरा सबसे बड़ा रन चेज भी है। इंग्लैंड के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार है। इंग्लैंड के खिलाफ कंगारू टीम ने इस मैदान पर लगातार चौथे मैच में जीत दर्ज की है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत पहले टी20 में निराशाजनक रही। जेक फ्रेजर-मैकगर्क सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए।
टीम की पारी को इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और सैम हार्मर ने संभाला और दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की अहम साझेदारी की। हार्मर ने 15 गेंदों में 32 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं मार्श 32 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।हालांकि, नंबर चार पर बैटिंग करने उतरे निखिल चौधरी ने एक छोर को संभाले रखा और 32 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
निखिल ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 66 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। टीम डेविड ने 20 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में जैक एडवर्ड्स ने 11 गेंदों में 25 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले, इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक द्वारा खेली गई 28 गेंदों में 65 रनों की आतिशी पारी के बूते 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए। टॉम बैंटन ने 22 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि सैम करन ने 21 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में निखिल चौधरी ने महज 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, जैक एडवर्ड्स ने 27 रन देकर दो विकेट निकाले।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी