☰
×

ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में गोलीबारी: चार घायल, 19 वर्षीय युवती की हालत गंभीर

 

ब्रिस्बेन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई राज्य क्वींसलैंड में ब्रिस्बेन के पास एक बॉक्सिंग प्रतियोगिता स्थल के बाहर हुई गोलीबारी में 19 वर्षीय युवती समेत चार लोग घायल हो गए। युवती के सिर और गर्दन में गोली लगी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 8.15 बजे लोगनहोम स्थित फिट्जीज परिसर के बाहर हुई। यहां ‘लोगन सिटी टाइटल्स फाइट नाइट’ नाम से बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।

द एज ने पुलिस के हवाले से बताया कि एक वाहन परिसर के बाहर पहुंचा और उसमें सवार लोगों ने वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद वाहन मौके से फरार हो गया। गोलीबारी में चार लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में जिम्बूम्बा की रहने वाली 19 वर्षीय युवती के अलावा 27, 37, और 38 वर्ष के तीन पुरुष शामिल हैं। युवती के सिर और गर्दन में गोली लगी। उसकी सर्जरी की गई और वह गंभीर हालत में है। तीनों पुरुषों को भी गोली लगी है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लोगन आपराधिक जांच शाखा के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर इयान गैलपिन ने घटना को भयावह बताया। उन्होंने कहा, "युवती हमलावरों का टारगेट नहीं थी, बल्कि वह गोलीबारी की चपेट में आई एक निर्दोष व्यक्ति प्रतीत होती है।"

पुलिस के अनुसार, घटना के समय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गोलीबारी के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने खुद को बचाने के लिए रिंग के नीचे तथा आसपास के कमरों में शरण ली।

जांचकर्ताओं के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों में वाहन के भीतर दो लोगों के होने की जानकारी सामने आई है। दोनों ने कथित तौर पर चेहरे ढक रखे थे और दस्ताने पहने हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष अधिकारियों और हत्या संबंधी मामलों की जांच करने वाली टीम को भी लगाया है।

गोलीबारी के कुछ समय बाद वाटरफोर्ड वेस्ट में एक मित्सुबिशी वाहन जली हुई हालत में मिला। पुलिस इस वाहन और हमले के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। इसके अलावा टैम्बरीन इलाके में एक अन्य वाहन में आग लगाए जाने की घटना की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि फिलहाल आम लोगों के लिए किसी और हमले का तत्काल खतरा नहीं माना जा रहा है। हालांकि, हमलावरों की पहचान करने और घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। जांचकर्ता इस संभावना की भी पड़ताल कर रहे हैं कि घटना का संबंध संगठित अपराध या मोटरसाइकिल गिरोहों से हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

क्वींसलैंड के प्रीमियर डेविड क्रिसाफुली ने घटना की निंदा करते हुए इसे भयावह बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और दोषियों को पकड़ने की जरूरत है।

स्थानीय समुदाय में भी घटना को लेकर चिंता है। बॉक्सिंग आयोजन में परिवारों और बच्चों की मौजूदगी के कारण गोलीबारी ने लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया है। आयोजक शैडो बॉक्सिंग ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं घायलों और प्रभावित परिवारों के साथ हैं। संगठन ने अगली सूचना तक अपना जिम बंद रखने की घोषणा भी की है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास गोलीबारी या संदिग्ध वाहनों से जुड़ी कोई जानकारी अथवा फुटेज है, तो वह जांचकर्ताओं से संपर्क करे।

--आईएएनएस

केआर/