ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुआ तेज गेंदबाज
नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश के खिलाफ 13 अगस्त से शुरू होने जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज माइकल नेसर चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं।
माइकल नेसर पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं और इसी कारण वह दोनों ही टेस्ट मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। 'क्रिकेट डॉट कॉम एयू' के अनुसार, नेसर को यह चोट टीम के साथ प्रैक्टिस करने के दौरान लगी। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में नेसर का प्रदर्शन दमदार रहा था और उन्होंने 3 मुकाबलों में 15 विकेट निकाले थे। जोश हेजलवुड और पैट कमिंस के इंजरी से लौटने के चलते नेसर का रोल इस सीरीज में काफी अहम माना जा रहा था।
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 13 अगस्त से होना है। सीरीज का पहला मैच डार्विन के मरारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी ग्रेट बैरियर रीफ एरिना क्रिकेट स्टेडियम करेगा। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा है और इसी कारण ऑस्ट्रेलिया अपने घर में दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इंग्लिश की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। इंट्रा स्क्वॉड मैच के दौरान इंग्लिश को पीठ में ऐंठन महसूस हुई थी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड का कहना है कि इंग्लिश बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया, "उन्हें पीठ में दर्द की समस्या हुई है। उन्हें समय-समय पर ऐसी समस्या होती रही है। कोई दिक्कत नहीं होगी, बस इसे ठीक होने देना है और फिर उन्हें वापस काम पर लगाना है। हमारे पास काफी समय है। हम शायद इस मामले में सावधानी बरतेंगे और यह पक्का करेंगे कि नेट्स और तैयारी के चरण में लौटने से पहले सब ठीक हो। उनके उपलब्ध होने या न होने को लेकर कोई चिंता नहीं है।"
--आईएएनएस
एसएम/पीएम