☰
×

अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड: छठे आरोपी को हिरासत में लिया गया, 30 टीमें कर रहीं फरार आरोपियों की तलाश

 

भरतपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वैर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने अभी तक उसे मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित नहीं किया है।

मिली जानकारी के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान के अलावा हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी तलाश की जा रही है। इसके लिए 30 से अधिक पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

मामले में पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना की शिकायत पर 64 नामजद आरोपियों सहित करीब 70 से 80 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में मुकेश का नाम भी शामिल है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि हत्याकांड में उसकी भूमिका स्पष्ट हो सके। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक की लीज को लेकर हुए धरना-प्रदर्शनों में मुकेश की भूमिका रही थी। लीज से जुड़े विवाद के दौरान अतर सिंह भड़ाना और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ उसके कई बार विवाद होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस इन पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मुकेश की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

हत्याकांड की जांच में लीज स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके फुटेज से वारदात से जुड़े लोगों की पहचान करने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डीवीआर पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना के पास है। पुलिस को इसके फुटेज मिलने पर जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है। राजस्थान के विभिन्न स्थानों के साथ हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके लिए 30 से अधिक टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस मुकेश से पूछताछ के साथ अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही हत्याकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम