×

एएन-32 प्लेन क्रैश : केजरीवाल, आतिशी और हुड्डा ने जताया दुख, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

 

नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान हादसे ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। इस हादसे पर देशभर के राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर लिखा कि असम में वायुसेना के एएन-32 विमान हादसे में हमारे पांच वीर जवानों के शहीद होने की खबर अत्यंत दुखद है।

पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने देश के वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश के लिए उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने शहीदों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति और साहस प्रदान करने की कामना की।

वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जोरहाट में एएन-32 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश शहीदों के परिवारों के साथ एकजुट होकर खड़ा है। देश अपने इन वीर सपूतों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा।

इस दर्दनाक दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच जवानों के शहीद होने की खबर सामने आई है। वायुसेना ने शहीद जवानों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कही है।

भारतीय वायुसेना के अनुसार, इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। वायुसेना ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ है और उन्हें अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करती है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम