असम विधानसभा चुनाव में वैध मतदाता ही डालेंगे वोट: धर्मबीर सिंह
नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर आई फाइनल वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि जो भारतीय मतदाता हैं, उन्हें ही वोट देने का अधिकार है।
भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आरोप लगाने के अलावा दूसरा काम नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आरोप लगाना गलत बात है। चुनाव आयोग आजाद है और वे अपनी ड्यूटी ठीक से करते हैं। विदेशियों को वोट देने का अधिकार नहीं होना चाहिए। इसका धर्म, जाति या इलाके से कोई लेना-देना नहीं है। इस देश के किसी भी हिस्से में सिर्फ उन्हीं लोगों को वोट देने का अधिकार है जो इस देश के नागरिक हैं।
पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर हुए विवाद पर भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि जो भी हो, सच तो यह है कि राहुल गांधी ने झूठ बोला। कोई भी डॉक्यूमेंट उठा सकता है, आरोप लगा सकता है, यह ठीक नहीं है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें कुछ तो जिम्मेदारी लेनी चाहिए। स्पीकर द्वारा नियम बताया गया, तो नियम के अनुसार ही सत्र चलता है।
राहुल गांधी को बोलने से कोई नहीं रोकता है, लेकिन वे संसद के नियमों का पालन नहीं करते हैं।
उन्होंने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इकोनॉमी कहां से कहां पहुंच गई है। विदेश नीति को लेकर विपक्ष सवाल उठाता था, लेकिन आज अमेरिका और यूरोपीय देश हमारे साथ समझौते कर रहे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचता तो इसी चीज का बहाना बनाते हैं। भारत तरक्की कर रहा है तो विपक्ष को स्वागत करना चाहिए।
बांग्लादेश के संसदीय चुनावों पर भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि मुझे पड़ोसी देशों में से किसी के भी हालात पसंद नहीं हैं, चाहे वह बांग्लादेश हो या पाकिस्तान। उन्होंने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है। यह चुनाव बाहरी दुनिया को दिखाने के लिए है। यह अंदरूनी सच्चाई दिखाने वाला चुनाव नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी