×

असम : धुबरी पुलिस ने गोतस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 

धुबरी (असम), 23 मई (आईएएनएस)। असम के धुबरी में पुलिस ने गो तस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की पहचान मोक्तार अली, काबुल अली, तयब अली और अब्रुज अली के रूप में हुई है। पुलिस ने अपने में बयान में कहा कि गो तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गो तस्करी का यह मामला ऐसे वक्त में प्रकाश में आया है, जब मुस्लिम समुदाय के लोगों की ओर से यह अपील की गई थी कि किसी भी सूरत में गो बलि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुस्लिम समुदाय ने खुद सामने आकर इस पर पाबंदी लगाने की मांग की थी और इस बात पर जोर देते हुए कहा था कि इस तरह की स्थिति को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। लेकिन, अब जिस तरह से गो तस्करी का मामला प्रकाश में आया है और इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है, उससे एक बात साफ हो चुकी है कि पुलिस इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शने वाली नहीं है।

इस बीच, धुबरी जिले के एसएसपी देबाशीष बोरा नें इस बात पर जोर देते हुए कहा कि यह निसंदेह एक गंभीर मामला है, जिसमें शामिल आरोपियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ऐसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में लापरवाही नहीं बरती जाए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने धुबरी जिले के आईजी रोड पर छापा मारा था और मौके से 90 किलो बीफ बरामद किया था। इसके बाद इसमें शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि हम इससे जुड़े पूरे तंत्र का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम