×

असम में घुसपैठ पर सख्त रुख, अमित शाह बोले-एक-एक घुसपैठिए को वापस भेजेंगे

 

नलबाड़ी, 29 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नलबाड़ी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि कमल के निशान पर बटन इतना जोर से दबाना कि एक-एक घुसपैठिया असम छोड़कर वापस चला जाए।

कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक असम के अंदर घुसपैठियों के लिए दरवाजे खोले थे। हमारे मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने असम की सीमाएं घुसपैठियों के लिए बंद कर दी हैं। घुसपैठियों ने 1.25 लाख एकड़ भूमि पर कब्जा किया था, उसे वापस लेने का काम हिमंता बिस्वा सरमा ने किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 साल में घुसपैठ रोकी है, लेकिन अभी घुसपैठियों को निकालना बाकी है। तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी को एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालने का काम करेंगे। असम की भूमि, असम की माटी और असम की संस्कृति हमारी है। इस पर किसी घुसपैठिए का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक के लालच में असम की पूरी जनसांख्यिकी बदल दी है।

अमित शाह ने कहा कि धुबरी और इसके आस-पास के नौ जिले घुसपैठियों से भर गए। मुस्लिम बहुल जिले बना दिए। मगर आज मैं, गौरव गोगोई को कह कर जाता हूं कि आप और राहुल बाबा, जितना जोर लगाना है लगा दो, एक-एक घुसपैठिए को वापस जाना पड़ेगा। बंगाल और असम से घुसपैठिए देशभर में पहुंचे हैं। चुनाव आयोग एसआईआर करा रहा है। राहुल गांधी इसका विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि हमारी मतदाता सूची में घुसपैठियों का नाम होना चाहिए क्या? चुनाव आयोग एसआईआर कराकर मतदाता सूची से घुसपैठिए को निकाल रहा है। कांग्रेस पार्टी इनको रोकना का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आप डरिए मत, केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है। एक-एक घुसपैठिए को हम ढूंढेंगे और मतदाता सूची से डिलीट करेंगे और जहां से आए हैं, वहां वापस भेजेंगे।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी