असम की इस यूनिवर्सिटी में जूनियर रिसर्च फेलो समेत कई पदों पर निकली भर्ती, फटाफट 5 जून तक करें आवेदन
दिसपुर, 3 जून (आईएएनएस)। सरकारी विश्वविद्यालय में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए तेजपुर यूनिवर्सिटी ने प्रोजेक्ट आधारित अस्थायी पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है, जिनमें कनिष्ठ शोध अध्येता (जूनियर रिसर्च फेलो) के 2 और क्षेत्रीय सहायक (फील्ड असिस्टेंट) के 3 पद शामिल हैं।
तेजपुर विश्वविद्यालय की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास पर्यावरण विज्ञान/मानव विज्ञान/वानिकी/अन्य संबंधित जैविक विज्ञान/अनुप्रयुक्त विज्ञान में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों या समकक्ष सीजीपीए के साथ एमएससी की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास एनईटी-जेआरएफ/एनईटीएलएस/गेट परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं, फील्ड असिस्टेंट पोस्ट के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास जीव विज्ञान/अनुप्रयुक्त विज्ञान से संबंधित विषय में न्यूनतम बीएससी/डिप्लोमा होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी फील्ड असिस्टेंट पद के लिए 20,000 रुपए और जेआरएफ पोस्ट के लिए 37,000 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले तेजपुर यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ आवेदन पत्र की कॉपी को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले मेल कर दें।
--आईएएनएस
डीके/वीसी