असम के रिहैब सेंटरों में मरीजों से मारपीट पर पुलिस सख्त, दो आरोपी गिरफ्तार
बिश्वनाथ, 4 जून (आईएएनएस)। असम में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। यह मामला एक नशा मुक्ति केंद्र में कथित रूप से मरीजों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार से जुड़ा हुआ है।
एसएसपी अजगवरण बसुमतारी ने बताया कि बुधवार को एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो अलग-अलग नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों के साथ मारपीट होती दिखाई दी। एक खुशगांव में और दूसरा माधोपुर का प्रतिज्ञा वेलनेस सेंटर नशा छुड़ाने के लिए चलाए जा रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला गंभीर माना गया और तुरंत जांच शुरू की गई।
एसएसपी ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर को निर्देश दिए गए और दोनों स्थानों पर टीम भेजी गई। इसके बाद जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित रिहैब सेंटरों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि ये केंद्र नियमों के अनुसार चल रहे थे या नहीं। अगर किसी भी तरह की गड़बड़ी या एसओपी का उल्लंघन पाया जाता है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो सेंटर को बंद भी किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों का इलाज मेडिकल नियमों के तहत होना चाहिए। किसी भी मरीज के साथ मारपीट या अमानवीय व्यवहार पूरी तरह गलत है। ऐसे केंद्रों पर समय-समय पर पुलिस, मजिस्ट्रेट और डॉक्टरों की टीम द्वारा निरीक्षण किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां सही इलाज हो रहा है या नहीं।
एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जो भी लोग इस घटना में शामिल हैं, उनकी पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी