×

एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स: 5000 मीटर रेस वॉक में नितिन ने जीता गोल्ड, साधना की झोली में आया सिल्वर

 

हांगकांग, 29 मई (आईएएनएस)। भारत ने अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन दो मेडल जीते। नितिन गुप्ता ने पुरुषों की 5000 मीटर रेस वॉक में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, साधना रवि ने महिलाओं के ट्रिपल जंप इवेंट में सिल्वर मेडल जीता।

नितिन ने 19:47.49 का समय लेकर पोडियम पर टॉप स्थान हासिल किया, जबकि ताइपे के शेंग-किन लो (19:56.17) और जापान के चिहिरो ओबाटा (20:06.73) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। यह इस प्रतियोगिता के इस संस्करण में भारत का पहला गोल्ड है। नितिन को बधाई देते हुए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "नितिन गुप्ता ने पुरुषों की 5000 मीटर रेस वॉक में शानदार गोल्ड के साथ अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया है।"

यह नितिन के लिए एक शानदार वापसी थी, क्योंकि 18 साल के नितिन ने शनिवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 किलोमीटर रेस वॉक में जबरदस्त प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने भारत के 40 साल के नेशनल रिकॉर्ड होल्डर और दो बार के ओलंपियन संदीप कुमार को एक रोमांचक मुकाबले में हराया था।

संदीप की टीम ने नितिन के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज की। उन्होंने कहा कि नितिन ने नियम तोड़े हैं। इसके बाद जूरी ने इस शिकायत को जांच के लिए स्वीकार कर लिया। जांच के बाद पाया गया कि नितिन ने नियम 6.2 का उल्लंघन किया है, जिसमें कहा गया है कि खिलाड़ी किसी दूसरे खिलाड़ी से मदद नहीं ले सकता और न ही दे सकता है। इस वजह से नितिन को अयोग्य घोषित करते हुए प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।

महिलाओं के ट्रिपल जंप इवेंट में, साधना ने 12.84 +0.5 के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल जीता। चीनी जम्पर यिकिंग जी (13.36 +1.3) ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कजाकिस्तान की मारिया च्शिपाचेवा ने 12.70 की पर्सनल बेस्ट जंप के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। 2024 में दुबई में हुए एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में भारत सात गोल्ड सहित 29 मेडल के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा था।

--आईएएनएस

एसएम/एएस