☰
×

एशियन पैरा गेम्स: 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 में कार्तिक बुडिगिना ने जीता सिल्वर मेडल

 

नागोया, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय तैराक कार्तिक बुडिगिना ने नागोया सिटी जनरल जिम्नेजियम में पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता।

कार्तिक ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा को 56.68 सेकंड में पूरा करके दूसरा स्थान हासिल करते हुए इन खेलों में भारत के लिए तैराकी का पहला मेडल जीता। उज्बेकिस्तान के एगोर बोलोतोव ने 52.90 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया, जबकि कजाकिस्तान के विक्टर वोल्कोव (57.23 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहे।

18 वर्षीय कार्तिक ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी हिस्सा लिया था, जहां वे इसी कैटेगरी में मेडल जीतने से बहुत करीब आकर चूक गए थे और फाइनल में चौथे स्थान पर रहे। इसके अलावा, ग्लासगो गेम्स 2026 में वे पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में छठे स्थान पर रहे थे।

कार्तिक ने एशियन यूथ पैरा गेम्स (2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह मेडल (3 गोल्ड और 3 सिल्वर) अपने नाम किए थे। उन्होंने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (एसएम11-13), 100 मीटर बटरफ्लाई (एस11-13) और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (एसबी13) स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल हासिल किए।

इसके अलावा, उन्होंने 100 मीटर फ्रीस्टाइल (एस13), 100 मीटर बैकस्ट्रोक (एस11-13) और 50 मीटर फ्रीस्टाइल (एस13) स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल जीते।

एशियन पैरा गेम्स में भारत के लिए यह तीसरा सिल्वर मेडल है। कार्तिक से पहले, जुडोका कोकिला ने महिलाओं के जे2 -52 किलोग्राम जूडो इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। आइची प्रीफेक्चुरल मार्शल आर्ट्स हॉल में हुए गोल्ड-मेडल मुकाबले में किर्गिस्तान की आइबिके उलानबेक किजी ने उन्हें सिर्फ 21 सेकंड में 'इप्पोन' से हरा दिया।

इससे पहले दिन में, भारत की अवनि लेखरा ने महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसए1 इवेंट में सिल्वर मेडल जीता, जबकि इसी इवेंट में उनकी साथी मोना अग्रवाल ने गोल्ड मेडल हासिल किया।

--आईएएनएस

आरएसजी