×

एशियन जूनियर गर्ल्स क्लासिकल शतरंज में प्रतीति ने हासिल की बढ़त

 

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। टॉप सीड डब्ल्यूएफएम प्रतीति बोरदोलोई ने एशियन जूनियर गर्ल्स क्लासिकल चेस चैंपियनशिप के सातवें राउंड में डब्ल्यूसीएम आद्या गौडा पर अहम जीत हासिल करके बढ़त बना ली है। यह चैंपियनशिप मुंबई के आईटीसी मराठा शेरेटन में जारी है।

इस जीत के साथ प्रतीति के कुल सात में से छह अंक हो गए हैं और वह अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आधे अंक आगे हो गई हैं। तुर्कमेनिस्तान की डब्ल्यूसीएम शोहरादोवा लेयला का मुकाबला शिवमशिका जी. के साथ ड्रॉ रहा और वह 5.5 अंकों पर आ गईं।

एफएम पृषिता गुप्ता ने डब्ल्यूएफएम निवेदिता वीसी पर जीत के साथ अपनी खिताबी दावेदारी मजबूत की। वह 5.5 अंकों तक पहुंचकर लेयला के साथ पीछा करने वाले ग्रुप में शामिल हो गईं। कजाकिस्तान की डब्ल्यूएफएम मारिया खोल्यावको और डब्ल्यूसीएम दक्षता कुमावत का मुकाबला ड्रॉ रहा और वे 5 अंकों पर पहुंच गईं।

ओपन चैंपियनशिप में, टॉप सीड जीएम-इलेक्ट मयंक चक्रवर्ती ने सात राउंड पूरे होने के बाद अपनी बढ़त बनाए रखी। टॉप बोर्ड पर आईएम विग्नेश अद्वैत वेमुला के साथ मयंक का मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन यह नतीजा उन्हें सात में से छह अंकों तक पहुंचाने और पीछा करने वाले खिलाड़ियों से आधे अंक आगे रखने के लिए काफी था।

रूस के आईएम आर्टेम पिंगिन को आश्चर्यजनक रूप से दक्ष गोयल ने ड्रॉ पर रोक दिया, जबकि एफएम शरणार्थी वीरेश ने तुर्कमेनिस्तान के एफएम अमनमुहम्मद होम्मादोव पर अहम जीत हासिल करके 5.5 अंक हासिल किए। विग्नेश, पिंगिन और वीरेश उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो मयंक को कड़ी टक्कर दे रहे हैं क्योंकि चैंपियनशिप अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर रही है।

इससे पहले, एफएम जयवीर महेंद्रू ने इंटरनेशनल मास्टर आदित्य ढींगरा पर शानदार जीत के साथ एशियन जूनियर ओपन क्लासिकल चेस चैंपियनशिप में अकेले बढ़त बना ली थी।

2326 रेटिंग वाले जयवीर ने अधिक रेटिंग वाले ढींगरा (2403) को मात दी। उनके पीछे चार खिलाड़ियों का एक मजबूत ग्रुप है, जिसमें भारत के टॉप सीड आईएम मयंक चक्रवर्ती, रूस के आईएम आर्टेम पिंगिन, तुर्कमेनिस्तान के एफएम अमनमुहम्मद होम्मादोव और भारत के एफएम शरणार्थी वीरेश शामिल हैं। 2113 रेटिंग वाले गुरु प्रकाश ने चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और एफएम माधवेंद्र प्रताप शर्मा (2363) के साथ मैच ड्रॉ कराकर अपनी क्षमता से बेहतर खेल दिखाया।

गर्ल्स चैंपियनशिप का चौथा राउंड भी रोमांचक रहा, जिसमें भारत की टॉप सीड डब्ल्यूएफएम प्रतीति बोरदोलोई ने शिवमशिका जी. को हराया। उनके साथ टॉप पर तुर्कमेनिस्तान की डब्ल्यूसीएम शोहरादोवा लेयला भी रहीं, जिन्होंने अब तक अजेय रहीं प्रणवश्री एस. को हराया।

--आईएएनएस

आरएसजी