×

'एशियन गेम्स' में हिस्सा लेने वाली टीमों को होटल में रहने की सुविधा दी जा रही है: जापान क्रिकेट के सीईओ

 

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची प्रेफेक्चर और नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच होगा। जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी के अनुसार, एशियन गेम्स क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए मेजबान क्षेत्र में कमरों की सीमित उपलब्धता के बावजूद होटल आवास की व्यवस्था की जा रही है।

पिछले हफ्ते टीमों के रहने की व्यवस्था को लेकर चिंताएं तब शुरू हुईं जब कई बड़ी एशियन टीमों ने पुरुषों और महिलाओं के टी20 इवेंट के लिए सुविधाओं और रहने की व्यवस्था, खासकर कमरों के आकार पर सवाल खड़े किए थे।

मियाजी ने बुधवार को 'आईएएनएस' से ​​बातचीत में कहा, "एशियन गेम्स का आयोजन ओसीए के तहत एसीसी के साथ मिलकर आयोजन समिति (एआईएनएजीओसी) कर रही है। जेसीए ने कुछ मामलों में मदद की है, लेकिन वह सीधे तौर पर इसमें शामिल नहीं है। मैं बस इतना कह सकता हूं कि सभी पक्ष एशियन गेम्स में क्रिकेट को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनके पास तैयारी के लिए सिर्फ 17 महीने थे और उन्हें सब कुछ शुरू से करना पड़ा, क्योंकि आइची प्रांत में क्रिकेट का कोई भी स्टैंडर्ड वेन्यू नहीं था। कम समय और सीमित संसाधनों को देखते हुए, एआईएनएजीओसी और एसीसी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया है कि खेलने की सुविधाएं अच्छी हों।

उन्होंने कहा, "मैं आपको यह भी भरोसा दिला सकता हूं कि एसीसी लंबे समय से एआईएनएजीओसी के साथ रहने की व्यवस्था के विकल्पों पर चर्चा कर रहा है। क्रिकेट में हिस्सा लेने वाली टीमों को होटल में रहने की सुविधा दी जा रही है। कई अन्य खेलों के लिए क्रूज शिप या कंटेनर होटल जैसी सीमित सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर टीमें चाहें तो वे अपने रहने की व्यवस्था खुद भी कर सकती हैं।"

जापान में क्रिकेट बहुत लोकप्रिय खेल नहीं है, इसलिए मैच 'कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क' में होंगे। यह एक नवनिर्मित मैदान है, जो सेंट्रल नागोया से ट्रेन से 40 मिनट की दूरी पर है। मियाजी ने टी20 टूर्नामेंट के लिए लॉजिस्टिक्स और अस्थायी वेन्यू सेटअप को लेकर भी चिंताएं दूर कीं।

पहले यह मैदान बेसबॉल के लिए इस्तेमाल होता था और इसकी पिचें उन क्यूरेटर्स ने बनाई हैं जो पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिचें तैयार करते हैं।

मियाजी ने कहा, "इन कड़े नियमों के दायरे में वे जो कर सकते हैं, उसकी कुछ सीमाएं हैं, लेकिन मैंने जो देखा है, उसके अनुसार एजी में क्रिकेट के शामिल होने के बाद से अब तक का सबसे बेहतरीन प्लेइंग सरफेस और मैदान देखने को मिलेगा। यह बेहतरीन क्यूरेटर की तरफ से तैयार टर्फ और हाइब्रिड पिचों वाला एक फुल-साइज ग्राउंड होगा और इसका श्रेय श्रीलंका क्रिकेट को जाता है। वेन्यू पर अस्थायी और स्थायी दोनों तरह की सुविधाएं हैं। मैदान पर मौजूद सुविधाएं अस्थायी हैं, लेकिन एएनआईएजीओसी ने एसीसी के साथ एक साल से ज्यादा समय तक मिलकर काम किया है, ताकि सीमित समय और सुविधाओं की पाबंदियों के बावजूद बेहतरीन सुविधाएं दी जा सकें।"

"अस्थायी होने के बावजूद, ये सुविधाएं खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए यथासंभव आरामदायक जगह उपलब्ध कराएंगी। कृपया ध्यान दें कि खिलाड़ियों के क्षेत्र में शौचालय उपलब्ध होंगे। मैदान के आसपास स्थायी सुविधाएं भी हैं, जो खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध होंगी।"

मियाजी ने यह भी बताया कि जेसीए ने जापान में इस खेल के हाई-प्रोफाइल आयोजन से पहले स्थानीय समुदाय को जोड़ने पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा, "जेसीए का मुख्य ध्यान स्थानीय समुदाय के साथ जुड़ने पर रहा है। हम क्रिकेट को कई स्कूलों और शॉपिंग सेंटर्स तक ले गए हैं, जहां इसे बहुत उत्साह के साथ अपनाया गया है। निसिन शहर के पूरे सहयोग की बदौलत, हमें भरोसा है कि स्थानीय समुदाय एजी का 100 प्रतिशत समर्थन करेगा।"

मियाजी ने कहा, "हमने जापान में कई अंतरराष्ट्रीय मैच और टूर्नामेंट आयोजित किए हैं। उस अनुभव के आधार पर, मैं कह सकता हूं कि इवेंट से पहले हमारे मन में कई चिंताएं होंगी और हमारा मकसद हर संभव सुधार करना होगा, ताकि हम बेहतरीन टूर्नामेंट आयोजित कर सकें। मुझे यकीन है कि सभी पक्ष मिलकर काम करने की भावना के साथ काम कर रहे हैं ताकि एजी को बड़ी सफलता मिल सके। एजी में क्रिकेट सबसे बड़े खेलों में से एक होगा। यह पहली बार भी होगा जब एशिया की शीर्ष क्रिकेट टीमें जापान में खेलेंगी। हम एआईएनएजीओसी और एसीसी का समर्थन करेंगे ताकि टूर्नामेंट सफल हो और जापान में इस खेल के लिए नए दर्शक जुड़ें।"

--आईएएनएस

आरएसजी