एशियन गेम्स: भारतीय महिला स्कीट टीम ने जीता कांस्य पदक
नागोया, 23 सितंबर (आईएएनएस)। परिनाज धालीवाल, रजिया ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने एशियन गेम्स 2026 में भारत को कांस्य पदक दिलाया है। तीनों एथलीटों ने बुधवार को महिला स्कीट टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।
तीन दिनों के क्वालिफिकेशन राउंड के बाद, परिनाज, रजिया और माहेश्वरी ने क्वालिफिकेशन में कुल 331 का स्कोर किया और तीसरा स्थान हासिल किया। चीनी टीम चे यूफेई, जियान यिटिंग और जियांग चाओयू ने 347 के स्कोर के साथ स्वर्ण और कजाकिस्तान की असेम ओरिनबे, जोया पिस्कुन और एडेल सदाकबायेवा ने 336 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता।
इससे पहले, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने 579-20x के कुल स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करके 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। हालांकि, टीम फाइनल में भारतीय तिकड़ी ईशा, मनु और सुरुचि को निराशा झेलनी पड़ी थी। भारतीय तीसरे स्थान के लिए वियतनाम से पिछड़ गई।
इस बीच, जय मीना ने क्वार्टर-फाइनल में शेरविन नुगुइट पर शानदार वापसी करते हुए एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का किया। फाइनल गेम से पहले 3-3 से बराबरी पर चल रहे मीना फाइनल गेम में 3-5 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए अगले चार पॉइंट जीते और आखिर में क्वार्टर-फाइनल 4-3 से जीतकर आखिरी चार में जगह बनाई, जहां उनका सामना जापान के ताकुया कुरोसाका और चीनी ताइपे के यू-सुंग चांग के बीच क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
हारने वाले सेमीफाइनलिस्ट कांस्य पदक जीतेंगे, जबकि जीतने वाले स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
पदक तालिका में भारतीय दल फिलहाल एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक के साथ आठवें स्थान पर है। 2023 एडिशन में, भारत कुल 107 मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा। यह भारत का एशियन गेम्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
--आईएएनएस
पीएके