एशियन गेम्स 2026: पाकिस्तान हमेशा से ही तिलक की पसंदीदा विपक्षी टीम है, भारत पहले से ही गोल्ड मेडल का हकदार था: सलाम बयाश
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम को जीत दिलाने में तिलक वर्मा ने बल्ले से अहम योगदान दिया। पाकिस्तान के खिलाफ तिलक का बल्ला एक बार फिर चला और उन्होंने 22 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली।
तिलक वर्मा के कोच सलाम बयाश ने बताया कि पाकिस्तान हमेशा से ही तिलक की पसंदीदा विपक्षी टीम रही है। उन्होंने कहा कि तिलक ने अपने अंडर-19 करियर में भी पहली सेंचुरी पाकिस्तान के खिलाफ ही लगाई थी। बयाश के अनुसार, उनकी तिलक से मैच से पहले सुबह बात हुई थी और उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने को कहा था।
कोच ने बताया कि तिलक शुरुआत से ही मैच विनर खिलाड़ी रहे हैं और वह अपने खेल पर काफी मेहनत करते हैं। बयाश के मुताबिक, तिलक बहुत अनुशासन में रहते हैं और उनके जैसे मेहनत करने वाले खिलाड़ी बहुत कम ही होते हैं। कोच ने बताया कि तिलक उन्हें अंडर-14 से लेकर अब तक मैच से पहले और उसके बाद हमेशा कॉल करते हैं।
वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा ने टीम इंडिया को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहले, पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीतने पर टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत ने इस मैच में पाकिस्तान को हराया। आज की जीत टीम की सामूहिक कोशिश का नतीजा थी। वैभव और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत की। हालांकि, वैभव एक खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। अभिषेक शर्मा ने अपना इरादा और स्कोरिंग रेट बनाए रखा और 61 रनों की शानदार पारी खेली। निचले क्रम में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया।"
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि भारत ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है। खुशी तब और भी बढ़ जाती है जब भारत पाकिस्तान को हराकर एशियन गेम्स जीतता है। मैं इस जीत के लिए पूरी टीम, कप्तान श्रेयस अय्यर, कोच, पूरे सपोर्ट स्टाफ और बीसीसीआई को दिल से बधाई देना चाहता हूं।"
श्रेयस अय्यर के कोच प्रवीण आमरे ने भी भारतीय टीम के चैंपियन बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि महिला टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम पर गोल्ड जीतने का थोड़ा दबाव था। उन्होंने टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर बधाई दी। अय्यर के कोच ने कहा कि उन्हें खुशी है कि मेडल टैली में दो गोल्ड क्रिकेट से आए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच हमेशा ही दबाव वाला होता है, लेकिन टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रवीण आमरे के अनुसार, अंत के छह ओवरों में तिलक वर्मा और शिवम दुबे की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी काफी महत्वपूर्ण रही।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी