☰
×

एशियन गेम्स 2026: ओह येओनजी को हराकर प्रिया ने किया बड़ा उलटफेर, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

 

निशियो, 26 सितंबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया घांघस ने शनिवार को यहां निशियो जिम्नेजियम में महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में साउथ कोरिया की दो बार की वर्ल्ड मेडलिस्ट ओह येओनजी को सर्वसम्मति से 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

प्रिया ने प्री-क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया और तीनों राउंड जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। उन्हें पांच जजों से 30-27 के तीन कार्ड और 29-28 के दो कार्ड मिले। प्रिया ने पहला राउंड 5-0 से जीता; उन्होंने सटीक पंच लगाए और ओह को 'स्टैंडिंग काउंट' के लिए मजबूर किया, क्योंकि उनके जैब्स का सामना करना दो बार की मेडलिस्ट के लिए मुश्किल हो रहा था।

प्रिया दूसरे राउंड में भी शानदार रहीं। उन्होंने बहुत अच्छी तरह से बचाव किया और काउंटर-पंच भी लगाए। उनके बाएं जैब्स ने उन्हें दूसरा राउंड 5-0 से जीतने में मदद की। ओह ने प्रिया पर अटैक किया और हावी होने की कोशिश की, लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने कुछ काउंटर-पंच लगाए और राउंड 3-2 से अपने पक्ष में करके मैच जीत लिया। प्रिया अब सोमवार को क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा से भिड़ेंगी और सेमीफाइनल में जगह बनाने का प्रयास करेंगी।

इससे पहले, कपिल ने पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में ईरान के सैम एस्ताकी को सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले से हराया। कपिल सोमवार को क्वार्टर फाइनल (अंतिम आठ) मुकाबले में साउथ कोरिया के किम गिचे का सामना करेंगे। वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सिल्वर मेडलिस्ट जादुमनी सिंह पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में फिलीपींस के कार्लो पालाम से हार गए।

एशियाड में भारतीय मुक्केबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले, परवीन और अंकुश भी अपनी-अपनी कैटेगरी में क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। गुरुवार को निशियो जिम्नेजियम में राउंड ऑफ 16 में ताजिकिस्तान की मलिका नोजिमोवा से वॉकओवर मिलने के बाद परवीन महिलाओं की 65 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

पिछले एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल गंवाने वाली परवीन अब आइची-नागोया गेम्स 2026 में मेडल पक्का करने से बस एक जीत दूर हैं। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला उज्बेकिस्तान की मौजूदा वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट नवबखोर खमिदोवा से होगा।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम