एशिया कप की ट्रॉफियां बीसीसीआई हेडक्वार्टर जरूर आएंगी: देवजीत सैकिया
मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को भरोसा जताते हुए कहा कि पुरुष और महिला, दोनों के एशिया कप की ट्रॉफियां अंत में यहां बोर्ड के हेडक्वार्टर में ही रखी जाएंगी।
पिछले हफ्ते दुबई में एशिया कप फाइनल जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी से विनर मेडल और ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। मोहसिन नकवी पीसीबी चेयरमैन और पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री भी हैं। यह वैसा ही रवैया है जैसा पिछले साल एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने अपनाया था।
बीसीसीआई सचिव ने शुक्रवार को 95वीं सलाना आम बैठक (एजीएम) के बाद पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "हमने पिछले हफ्ते दुबई में शानदार जीत के लिए अपनी महिला टीम को बधाई दी थी। उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मैच बहुत अच्छे से जीता और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतेंगी।"
उन्होंने आगे कहा, "एशिया कप की ट्रॉफियां... हमें उम्मीद है कि वे एक दिन यहां आएंगी। मैं आपको कोई समय-सीमा तो नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद बीसीसीआई हेडक्वार्टर में जरूर आएंगी।"आगामी आईपीएल सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर के दूसरे हफ्ते में होगी, जो मौजूदा 2023-27 राइट्स साइकिल की आखिरी मिनी-नीलामी भी होगी। लीग के 20 साल पूरे होने के मौके पर बीसीसीआई आने वाले संस्करण के लिए बड़े जश्न की योजना बना रहा है।
सैकिया ने आगे कहा, "हमने शारीरिक रूप से अक्षम क्रिकेटरों को सपोर्ट देने के लिए अपने राज्य एसोसिएशन को शामिल करने और सक्रिय करने के बारे में भी चर्चा की है। बीसीसीआई दिसंबर 2027 में 100 साल पूरे कर लेगा, इसलिए हम दिसंबर 2027 से एक साल तक शताब्दी समारोह मनाएंगे।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी