एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप: 4 गोल्ड मेडल के साथ पहले स्थान पर रही भारतीय महिला टीम
उलानबटार, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला टीम ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने कुल 10 मेडल जीतकर मेडल चार्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया, जिसमें 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस प्रदर्शन से टीम ने महाद्वीपीय स्तर पर अपनी बादशाहत साबित कर दी है।
हेड कोच सैंटियागो नीवा की देखरेख में महिला टीम की हर सदस्य मेडल लेकर घर लौटी, जिससे महाद्वीपीय प्रतियोगिता में उनकी धाक जम गई। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट अजय सिंह की मौजूदगी में मीनाक्षी (48 किलोग्राम) ने दिन की शुरुआत की। उन्होंने मंगोलिया की नोमुंडारी एनख-अमगालन को 5-0 से हराकर दिन का पहला गोल्ड मेडल जीता। प्रीति (54 किलोग्राम) ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। प्रीति ने तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और टोक्यो 2020 ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट चीनी ताइपे की हुआंग शियाओ-वेन को सर्वसम्मत 5-0 के फैसले से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
प्रिया (60 किलोग्राम) ने फाइनल में उत्तर कोरिया की वॉन उन-ग्योंग को 3-0 से हराकर भारत के गोल्ड मेडल की संख्या में इजाफा किया। अरुंधति (70 किलोग्राम) ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने कजाकिस्तान की बकित सेइडिश को 4-1 से हराकर अपनी कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता। भारत ने अपने मेडल की संख्या में दो सिल्वर मेडल और जोड़े। जैस्मीन (57 किलोग्राम) एक शानदार अभियान के बाद रनरअप रहीं, जबकि अल्फिया पठान (80+ किलोग्राम) ने भी अपने फाइनल मुकाबले में मिली हार के बाद सिल्वर मेडल हासिल किया। इस संस्करण में किसी भी देश के मुकाबले सबसे ज्यादा 16 मेडल पक्के करने के बाद भारत शुक्रवार को टूर्नामेंट का शानदार समापन करने की उम्मीद करेगा। भारत के दो पुरुष बॉक्सर शुक्रवार को अपना फाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे।
मंगलवार को विश्वनाथ सुरेश (50 किलोग्राम) ने पुरुषों के वर्ग में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने सेमीफाइनल में जॉर्डन के हुथैफा एशिश को सर्वसम्मत 5-0 के स्कोर से हराया था। वहीं, सचिन (60 किलोग्राम) अपने सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड के सकदा रुआमथम के खिलाफ 4-1 से शानदार जीत हासिल करते हुए फाइनल का टिकट कटाया है। उज्बेकिस्तान के जावोखिर अब्दुरखिमोव से 1-4 से हारकर आकाश टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुके हैं। वहीं, लोकेश और नरेंद्र का भी सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो चुका है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी