आशा भोसले की तस्वीर शेयर कर शाहरुख खान ने किया भावुक पोस्ट
मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। सात दशक तक बॉलीवुड को अपनी आवाज से सजाने वाली सिंगर आशा भोसले के निधन से आज हर कोई स्तब्ध है। आशा ताई भले ही अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके सुरीले और दिल को छू जाने वाले गीतों की वजह से वे हमेशा अमर रहेंगी। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक इमोशनल कर देने वाला पोस्ट किया।
शाहरुख खान ने आशा भोसले के साथ एक बहुत प्यारी फोटो शेयर की है, जिसमें वे सिंगर के साथ दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, "आशा ताई के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा की आधारशिलाओं में से एक थी और सदियों तक दुनियाभर में गूंजती रहेगी।"
अभिनेता ने लिखा, "उन्होंने हमेशा मुझ पर आशीर्वाद और प्यार बरसाया और मैं उन्हें बहुत याद करूंगा। आशा ताई, आपकी आत्मा को शांति मिले, आपको प्यार।" बहुत कम लोग जानते हैं कि एक अवॉर्ड फंक्शन में आशा ताई शाहरुख खान से नाराज हो गई थीं और बैक स्टेज जाकर नाराजगी जाहिर की थी, लेकिन शाहरुख खान ने सब कुछ संभालते हुए सिंगर ने माफी मांग ली थी।
सिंगर आशा भोसले ने शाहरुख खान की फिल्मों में बहुत कम ही गाने गाए, लेकिन जितने भी गाने गाए, वो सदाबहार और दिल को छू लेने वाले थे। उनका 'किताबें बहुत सी पढ़ी होगीं' गाना कॉलेज लाइफ को दोबारा जीने का मौका देता है, जो शिल्पा शेट्टी और शाहरुख खान दोनों पर फिल्माया गया था। फिल्म 'बाजीगर' के इस गाने ने कॉलेज के युवाओं के बीच अलग ही क्रेज पैदा कर दिया था। गाने का संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था और आवाज विनोद राठौड़ और आशा ताई की थी।
इसके अलावा, आशा भोसले ने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का "जरा सा झूम लूं मैं" और 'दिल तो पागल है' का 'ले गई' गाने में भी अपनी प्यारी आवाज दी थी। "जरा सा झूम लूं मैं" में शाहरुख और काजोल की मस्ती पर, जबकि 'ले गई' करिश्मा कपूर पर फिल्माया गया था।
--आईएएनएस
पीएस/वीसी