असदुद्दीन ओवैसी हमेशा सपा की आलोचना क्यों करते हैं: रुचि वीरा
मुरादाबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हमेशा सपा की आलोचना क्यों करते हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा-एआईएमआईएम गठबंधन पर कहा कि यह पार्टी नेतृत्व का मामला है।
सपा-एआईएमआईएम गठबंधन की संभावना पर सांसद रुचि वीरा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "गठबंधन होगा या नहीं, यह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और असदुद्दीन ओवैसी को तय करना है।"
समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा कहती हैं, "असदुद्दीन ओवैसी एक बड़े नेता हैं और हमारे लिए बड़े भाई जैसे हैं, लेकिन वे हमेशा सिर्फ समाजवादी पार्टी को ही निशाना क्यों बनाते हैं, भाजपा को क्यों नहीं?"
सिद्धिविनायक मंदिर में 18 करोड़ रुपए चढ़ावा चोरी मामले को लेकर रुचि वीरा ने कहा कि जहां भी सनातन धर्म के लोगों की आस्था के साथ खेला जा रहा है, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया है। सपा नेता ने बधाई देते हुए कहा कि जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए गौरव का क्षण दिया है। मेरी तरफ से खिलाड़ियों को बहुत मुबारकबाद।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने संसद भवन परिसर में भगवा वस्त्र धारण कर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन किया था। समाजवादी पार्टी की नेता रुचि ने पप्पू यादव का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें कोई गलत बात नहीं है। यह एक सांकेतिक संदेश देने के लिए था कि राम मंदिर के अंदर जो चढ़ावा चोरी हुआ है, उसका सरकार को जवाब देना होगा।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी