☰
×

असदुद्दीन ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से सपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा: रुचि वीरा

 

मुरादाबाद, 11 नवंबर (आईएएनएस)। यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित चुनावी गठबंधन की चर्चाओं पर समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने प्रतिक्रिया दी। इस गठबंधन को लेकर ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। इस बार मतदाता किसी को हराने या अपना वोट खराब करने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के उद्देश्य से मतदान करेगा।

रुचि वीरा ने कहा कि दोनों दलों का मकसद और लक्ष्य एक ही है, लेकिन मतदाता उनके कथित गठबंधन के छलावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि ओवैसी उन क्षेत्रों में बैठकें करते हैं, जहां समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। वे सपा और अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की आलोचना नहीं करते। जनता इस राजनीतिक स्थिति को समझ रही है और ऐसे गठबंधन से कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

अखिलेश यादव की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा और भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की टिप्पणी पर रुचि वीरा ने कहा कि भगवान की ओर से जब बुलावा आएगा, तभी कोई दर्शन करने जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के लिए भाजपा नेताओं से अनुमति लेनी होगी? भगवान राम करोड़ों देशवासियों के हृदय में बसते हैं और वे किसी एक राजनीतिक दल की बपौती नहीं हैं।

सुधांशु त्रिवेदी के अखिलेश यादव को चुनावी हिंदू बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी हिंदू हैं और यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है। उन्होंने 2024 के आम चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। पार्टी को 37 सीटें मिलीं और कांग्रेस के साथ गठबंधन की सीटें जोड़ने पर यह संख्या 42-43 तक पहुंची। पिछड़े, दलित, मुस्लिम, यादव, बनिया और ब्राह्मण सहित सभी वर्गों के समर्थन से ही पार्टी को यह सफलता मिली।

रुचि वीरा ने भाजपा पर भगवान राम का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी रथयात्रा, कभी मंदिर निर्माण और कभी प्राण प्रतिष्ठा के जरिए भगवान राम के नाम को राजनीति से जोड़ा गया। अखिलेश यादव अयोध्या दर्शन के लिए जाना चाहते हैं, इसलिए इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।

मुस्लिम मतदाताओं के अखिलेश यादव से दूर होने की आशंका पर उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संविधान की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए थे। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उस समय कार्रवाई लागू करने वाले लोगों को राम मंदिर ट्रस्ट में क्यों रखा गया है। रुचि वीरा ने कहा कि मतदाता विकास और अखिलेश यादव के कार्यों के आधार पर समाजवादी पार्टी को वोट देंगे। चुनाव में सीधा मुकाबला होगा और किसी कथित फर्जी गठबंधन से सपा को नुकसान नहीं होगा।

उन्होंने आगे कहा कि देश में हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने, पूजा-अर्चना और इबादत करने की आजादी है। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च में अपनी आस्था के अनुसार जाने का अधिकार सभी को है। धर्म और राजनीति दो अलग-अलग विषय हैं और इन्हें एक-दूसरे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके