×

आर्टिस्ट की सिफारिश पर पीएम ताकाइची ने छेड़े 'संतूर के तार', ताली बजाकर हौसला बढ़ाते दिखे प्रधानमंत्री मोदी

 

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। जापान की पीएम साने ताकाइची तीन दिवसीय दौरे पर भारत में हैं। द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने के लिहाज से ये यात्रा बेहद अहम है। भारत-जापान के रिश्ते महज रणनीतिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक भी हैं। संस्कृति जो लोकरंग और लोकराग से जुड़ी होती है। कुछ ऐसे ही राग छेड़ने की कोशिश 'छोटी बहन' ताकाइची ने की तो 'बड़े भाई' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया।

मनमोहक झलक प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित दोपहर के भोज के दौरान देखने को मिली। दरअसल, इस खास अवसर पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों से मेहमानों का मनोरंजन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद एक कलाकार ने उनको पारंपरिक वाद्ययंत्र 'संतूर' बजाने के लिए आमंत्रित किया। जापानी पीएम ने आग्रह ठुकराया नहीं और झट से संतूर बजाने का प्रयास करती दिखीं, जिसे देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुस्कुराए और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस पूरी कहानी को बयां जापानी के कैबिनेट जनसंपर्क अधिकारी ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर की। उन्होंने एक खूबसूरत सी तस्वीर के साथ छोटी सी लेकिन प्यारी स्टोरी सुनाई।

इससे पहले, भारत और जापान ने आर्थिक साझेदारी को नई रफ्तार देने का फैसला किया। भारत-जापान संयुक्त इकोनोमिक फोरम में प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी कंपनियों की परेशानियों को दूर करने के लिए 'जापान बिजनेस वीक' शुरू करने की घोषणा की। जिसके तहत प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी सीधे जापानी निवेशकों से बातचीत करेंगे।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "आज दुनिया में बिकने वाली सुजुकी की दो-तिहाई कारें भारत में बन रही हैं और इन्हें 100 से ज्यादा देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जापान के सहयोग से देश में करीब 1000 उर्वरक (फर्टिलाइजर) कारखाने लगाए जाएंगे।"

दोनों देशों ने अगले 10 साल में भारत में 10 ट्रिलियन येन के जापानी निवेश का लक्ष्य भी रखा है। पीएम मोदी और जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची ने हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुजुकी के चौथे वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया।

इससे पहले द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी ने ताकाइची को छोटी बहन कहकर संबोधित किया। 'छोटी बहन' कहे जाने का जिक्र करते हुए ताकाइची ने बाद में भावुक अंदाज में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी, आपने मुझे अपनी सुंदर छोटी बहन कहा, लेकिन बड़ी बैठक से पहले हुई हमारी छोटी मुलाकात में ही हमने यह तय कर लिया था कि हम इस रिश्ते को भाई-बहन के रूप में आगे बढ़ाएंगे।" उन्होंने कहा कि दुनिया के मौजूदा हालात को देखते हुए भारत और जापान का साथ आना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।

--आईएएनएस

केआर/