×

आर्सेनल ने ब्राजील के मिडफील्डर ब्रूनो गुइमारेस के साथ करार किया

 

लंदन, 8 अगस्त (आईएएनएस)। प्रीमियर लीग क्लब आर्सेनल ने न्यूकैसल यूनाइटेड से ब्राजील के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ब्रूनो गुइमारेस के साथ लंबे समय का करार किया है। क्लब ने शनिवार को इसकी घोषणा की।

28 वर्षीय मिडफील्डर गुइमारेस न्यूकैसल में साढ़े चार सीजन बिताने के बाद आर्सेनल से जुड़े हैं, जहां उन्होंने करीब 200 मैच खेलते हुए प्रीमियर लीग के प्रभावशाली मिडफील्डर्स में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई। गिमारेस आर्सेनल में 'नंबर 39' की जर्सी पहनेंगे और तुरंत अपनी नई टीम के साथियों के साथ जुड़ जाएंगे।

गुइमारेस ने साल 2015 में साओ पाउलो स्थित ऑडाक्स के साथ अपना प्रोफेशनल करियर शुरू किया था, जिसके दो साल बाद एथलेटिको पैरानेंस चले गए। उन्होंने ब्राजीलियाई क्लब को चार बड़ी ट्रॉफी जिताने में मदद की। इसके बाद जनवरी 2020 में फ्रेंच क्लब ल्योन में शामिल हो गए।

लीग-1 में दो सीजन बिताने के बाद, गुइमारेस जनवरी 2022 में न्यूकैसल से जुड़े और जल्द ही क्लब के मिडफील्ड में एक अहम खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 2025 में न्यूकैसल की काराबाओ कप जीत में अहम भूमिका निभाई और क्लब को दो सीजन में यूईएफए चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई करने में मदद की।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, गुइमारेस ने ब्राजील के लिए 48 मुकाबले खेले हैं। वह फीफा वर्ल्ड कप में देश की टीम का हिस्सा थे और कोपा अमेरिका में भी ब्राजील का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक गेम्स में ब्राजील के साथ गोल्ड मेडल जीता था।

आर्सेनल के स्पोर्टिंग डायरेक्टर एंड्रिया बर्टा ने मिडफील्डर का स्वागत करते हुए कहा कि गुइमारेस टीम में लीडरशिप और क्वालिटी लाएंगे।

बर्टा ने कहा, "ब्रूनो बेहतरीन सोच और गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं, जो हमारी टीम में मजबूत नेतृत्व लाएंगे। ब्रूनो के हमारे साथ जुड़ने से हम अपनी टीम के मुख्य हिस्से को और मजबूत कर रहे हैं। जैसा कि हम सभी ने देखा है, ब्रूनो डिफेंसिव मिडफील्डर और बॉक्स-टू-बॉक्स खिलाड़ी के तौर पर खेल सकते हैं।"

बर्टा ने कहा कि गुइमारेस की अलग-अलग भूमिकाओं में खेलने की काबिलियत से आर्सेनल के मैनेजर मिकेल आर्टेटा को टीम के खेलने का तरीका विकसित करने में ज्यादा विकल्प मिलेंगे। उन्होंने कहा, "ब्रूनो, मिकेल को हमारे खेलने के तरीके को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे और हमारी टीम के अंदर होड़ भी बढ़ाएंगे। जब हम बड़ी ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य रखते हैं, तो जरूरी मानक बनाए रखने के लिए यह बहुत जरूरी है।"

--आईएएनएस

आरएसजी