☰
×

जम्मू-कश्मीर में सेना को मिली बड़ी कामयाबी, पुंछ में 7 संदिग्ध IED और LMG की मैगजीन बरामद; फुटेज में देंखे बारामूला में 2 आतंकी मददगार गिरफ्तार

 

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुंछ जिले में सेना ने तलाशी अभियान के दौरान सात संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और 7.62 मिमी लाइट मशीन गन (LMG) की एक मैगजीन बरामद की है। खुफिया जानकारी के आधार पर सेना की 156 टेरिटोरियल आर्मी और 37 राष्ट्रीय राइफल्स ने कासबलारी गांव के पास संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान मिला। वहीं, बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने दो संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्टल, कारतूस वाली मैगजीन और दो IED बरामद किए गए थे।

पुंछ में तलाशी के दौरान मिले संदिग्ध कंटेनर

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/_vIzIgdAmQg?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/_vIzIgdAmQg/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पुंछ जिले में खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कासबलारी गांव के पास तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान सात संदिग्ध IED बरामद किए गए। इनमें छह कंटेनर भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए थे, जबकि एक कंटेनर पर नीला टेप लगा हुआ था। इसके अलावा एक संदिग्ध मैगजीन कंटेनर भी मिला।

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को एक काला बैग, कॉम्बैट पाउच, पावर अडैप्टर, बिजली का स्रोत, एल्युमिनियम कंटेनर और एक टिफिन भी मिला। बरामदगी में 7.62 मिमी LMG की मैगजीन भी शामिल है। सुरक्षाबल इस सामग्री की प्रकृति और संभावित इस्तेमाल की जांच कर रहे हैं।सीमा से सटे इलाकों में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, यह सामग्री किसने छिपाई थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बारामूला में दो संदिग्ध आतंकी मददगार गिरफ्तार

दूसरी ओर, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने 22 अक्टूबर को दो संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में काम कर रहे थे। उन पर आतंकियों तक हथियार और विस्फोटक पहुंचाने में मदद करने का शक है।खुफिया सूचना के आधार पर सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स और बारामूला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान दोनों संदिग्धों को डेलिना घाट के पास डारपुरा नर्सरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। दोनों सोपोर के चिंकीपोरा इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।

सुरक्षाबलों ने उनके कब्जे से तुर्की में निर्मित कनिक पिस्टल, 10 कारतूस वाली एक मैगजीन और दो IED बरामद किए थे। गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि दोनों संदिग्ध किन लोगों के संपर्क में थे और क्या उनका किसी आतंकी संगठन से संबंध था।

60 दिनों में 18 संदिग्ध आतंकी मददगार गिरफ्तार

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, बारामूला में पिछले 60 दिनों के दौरान 18 संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य आतंकियों को रसद, हथियार और विस्फोटक उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क को कमजोर करना है।पुंछ में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की बरामदगी और बारामूला में दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षाबलों की जांच जारी है। एजेंसियां बरामद सामग्री के स्रोत, संभावित इस्तेमाल और संदिग्धों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही इन मामलों से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।