आर्कटिक ओपन: प्रणय और श्रीकांत जल्दी बाहर, गरागा-रॉय ने पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को हराया
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। आर्कटिक ओपन में गुरुवार को भारत के कृष्णा प्रसाद गरागा/पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी हे जी टिंग/रेन जियांग यू को 10-21, 21-18, 22-20 से मात देकर मेंस डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, अनुभवी सिंगल्स खिलाड़ी एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत को टूर्नामेंट से जल्द बाहर होना पड़ा।
बिना वरीयता वाली भारतीय जोड़ी ने पहला गेम हारने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए 61 मिनट तक चले मुकाबले को अपने नाम किया। मई में लगातार हफ्तों में सेंट-डेनिस रीयूनियन ओपन और मैक्सिकन इंटरनेशनल चैलेंज जीतने वाले गरागा और रॉय का अगला मुकाबला क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड के ओलिवर बटलर और सैमुअल जोन्स से होगा।
दूसरी तरफ, वर्ल्ड नंबर 31 खिलाड़ी श्रीकांत ने कनाडा के ब्रायन यांग के खिलाफ पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और आखिरकार 21-15, 15-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इस नतीजे के साथ श्रीकांत के लिए मुश्किल सीजन और लंबा हो गया है। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जून में यूएस ओपन सुपर 300 में उपविजेता (रनर-अप) रहना रहा है। इस साल सर्किट पर उन्हें आठ बार पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है।
चौथी वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ प्रणय की चुनौती और भी जल्दी खत्म हो गई। पिछले महीने वियतनाम ओपन सुपर 100 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले 34 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी डेनिश खिलाड़ी के सामने टिक नहीं पाए और 21-10, 21-9 से हार गए। मेंस सिंगल्स ड्रॉ में अब भारत की उम्मीदें थारुन मन्नेपल्ली पर टिकी हैं, जिन्होंने क्वालीफाइंग राउंड से आगे बढ़कर अपना सफर जारी रखा है।
मंगलवार को मेन ड्रॉ में जगह बनाने वाले मन्नेपल्ली ने डेनमार्क के मैग्नस जोहानसेन को 21-16, 21-14 से हराया और अब दूसरे राउंड में उनका मुकाबला फ्रांस के दूसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव से होगा।
वहीं, चीन के वेंग होंग यांग के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद रौनक चौहान का सफर खत्म हो गया। पहला गेम हारने के बाद चौहान ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर ला दिया, लेकिन निर्णायक गेम में वेंग ने संयम बनाए रखा और 22-20, 20-22, 21-17 से जीत हासिल की।
विमेंस सिंगल्स में भारत का अभियान गुरुवार को फिर शुरू होगा, जिसमें दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा दूसरे राउंड में मुकाबले में उतरेंगी। छठी वरीयता प्राप्त सिंधु का सामना जापान की रिको गुंजी से होगा, जबकि तन्वी के सामने शीर्ष वरीयता प्राप्त और पूर्व विश्व चैंपियन थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन की मुश्किल चुनौती होगी।
--आईएएनएस
आरएसजी