×

एपीएससी भर्ती अपडेट: असिस्टेंट जियोलॉजिस्ट के 11 पदों पर 15 जुलाई तक करें आवेदन

 

दिसपुर, 22 जून (आईएएनएस)। असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) ने माइंस और मिनरल्स डिपार्टमेंट के तहत असम के जियोलॉजी और माइनिंग डायरेक्टरेट में सहायक भू-वैज्ञानिक (असिस्टेंट जियोलॉजिस्ट) के कुल 11 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

एपीएससी की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एपीएससी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई तय की गई है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी भी विश्वविद्यालय या संस्थान से भूविज्ञान में एमएससी, अनुप्रयुक्त भूविज्ञान (एप्लाइड जूलॉजी) में एमएससी, अनुप्रयुक्त भूविज्ञान में एमएससी टेक, अनुप्रयुक्त भूविज्ञान में एमटेक और एकीकृत अनुप्रयुक्त भूविज्ञान में एमएससी टेक में कम से कम द्वितीय श्रेणी (45 प्रतिशत) के साथ डिग्री प्राप्त होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 38 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग परीक्षा या लिखित परीक्षा, साक्षात्कार/मौखिक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 1,10,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को प्रति माह 12,700 रुपए ग्रेड पे और अन्य लाभ व भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल के लिए 297.20 रुपए, ओबीसी/एमओबीसी के लिए 197.20 रुपए और एससी/एसटी/बीपीएल/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 47.20 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम