☰
×

एपेक मेजबान शनचन में कचरे से बिजली बनाने का अनोखा मॉडल

 

बीजिंग, 22 नवंबर (आईएएनएस)। एपेक 2026 के मेजबान शहर शनचन का नारा है, 'शनचन में मिलें, चमत्कार देखें।' सुधार, खुलेपन और नवाचार के लिए मशहूर यह शहर आज एक और खास उपलब्धि के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है। यह है कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उसका हरित मॉडल।

किसी भी शहर की पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को उसके कचरा प्रबंधन के तरीके से भी समझा जा सकता है। इसी कड़ी में शनचन के लोंगकांग इको-पार्क में हरियाली से घिरी एक ऐसी इमारत है, जो देखने में किसी सामान्य इमारत जैसी लगती है, लेकिन वास्तव में यह चीन के सबसे बड़े कचरे से बिजली बनाने वाले संयंत्रों में से एक है। यह संयंत्र करीब दो करोड़ की आबादी वाले शनचन शहर की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है। यहां हर दिन लगभग 5,100 टन घरेलू कचरे का निपटान किया जाता है, जो शहर के कुल घरेलू कचरे का करीब एक-चौथाई हिस्सा है।

खास बात यह है कि यहां कचरे को केवल नष्ट नहीं किया जाता, बल्कि उससे बिजली भी पैदा की जाती है। संयंत्र की छह भस्मीकरण लाइनें और तीन जनरेटर मिलकर हर दिन औसतन करीब 32 लाख यूनिट बिजली पैदा करते हैं। इतनी बिजली से लगभग 10 हजार परिवारों की एक महीने की जरूरत पूरी की जा सकती है। वहीं, इस संयंत्र का सालाना बिजली उत्पादन करीब 120 करोड़ यूनिट है।

इसके साथ ही, पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी यहां कड़े इंतजाम किए गए हैं। संयंत्र में सात चरणों वाली फ्लू गैस शुद्धिकरण प्रणाली लगातार काम करती है। इसके जरिए निकलने वाली गैस में मौजूद प्रदूषकों को कई चरणों में साफ किया जाता है। इतना ही नहीं, कचरे को जलाने के बाद बचने वाले स्लैग का भी दोबारा इस्तेमाल किया जाता है। इसे छांटने और संसाधित करने के बाद सड़क निर्माण और अन्य निर्माण सामग्री तैयार करने में उपयोग किया जाता है।

इस तरह यह परिसर सिर्फ एक औद्योगिक संयंत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक खुले इको-पार्क के रूप में भी विकसित किया गया है। कभी जिस तरह की औद्योगिक सुविधा के आसपास लोग जाने से कतराते थे, आज वही जगह हरियाली से घिरे विश्राम स्थल और पर्यावरण से जुड़ी जानकारी हासिल करने के केंद्र के रूप में लोगों को आकर्षित कर रही है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/