अंतिम 5 ओवरों में 97 रन, आरसीबी ने आईपीएल में बनाया ये रिकॉर्ड
बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को आईपीएल 2026 के 11वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ अंतिम 5 ओवरों में 97 रन कूटे। यह आईपीएल मैच के अंतिम 5 ओवरों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को फिल सॉल्ट और विराट कोहली की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4.3 ओवरों में 37 रन जुटाए। कोहली 18 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद सॉल्ट ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। सॉल्ट 30 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पड्डिकल ने रजत पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 58 रन जोड़े। पड्डिकल ने 29 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।
आरसीबी ने 15 ओवरों में 3 विकेट खोकर 153 रन बना लिए थे। इसके बाद पाटीदार (नाबाद 48) ने टिम डेविड (नाबाद 70) के साथ अंतिम 5 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 97 रन जुटाए।
97 रन किसी भी आईपीएल पारी के 16-20 ओवरों में किसी टीम की ओर से बनाया गया संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ इतने ही रन बनाए थे। इस मामले में आरसीबी ही शीर्ष पर है, जिसने साल 2016 में इसी मैदान पर गुजरात लायंस के खिलाफ 16-20 ओवरों के बीच 2 विकेट खोकर 112 रन बनाए थे।
यह आईपीएल इतिहास में आरसीबी की टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। आईपीएल में आरसीबी का सबसे बड़ा स्कोर साल 2013 में बना था। उस समय इस टीम ने बेंगलुरु में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 5 विकेट खोकर 263 रन बनाए थे। साल 2024 में इस टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 262/7 का स्कोर खड़ा किया था। साल 2016 में आरसीबी की टीम गुजरात लायन्स के खिलाफ 248/3, जबकि साल 2024 में पंजाब किंग्स के विरुद्ध 241/7 का स्कोर बना चुकी है।
--आईएएनएस
आरएसजी