×

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली में ओम बिरला से लेकर एस. जयशंकर तक ने किया योग

 

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर देश के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, फिटनेस और समग्र कल्याण का संदेश दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शांति पथ लॉन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर जेपी नड्डा ने सभी नागरिकों को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने योग के महत्व और इसके योगदान को दुनिया के सामने रखा तथा इसे वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित सेंट्रल आयुर्वेद रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएआरआई) में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी योग सत्र में हिस्सा लिया और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया। उन्होंने स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र जीवनशैली को बढ़ावा देने के संदेश के साथ लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने योग के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक शांति और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने की बात कही। वहीं रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नियंत्रक जनरल रक्षा लेखा (सीजीडीए) कार्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर योगाभ्यास किया।

दूसरी ओर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शाहदरा जिले के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित योग दिवस समारोह में भाग लिया। दिल्ली भाजपा महासचिव पवन राणा ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्क में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आज पूरी दुनिया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। उन्होंने कामना की कि दुनिया भर के लोग स्वस्थ, निरोग, समृद्ध और खुशहाल रहें।

कार्यक्रम में शामिल एक योग साधक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2014 से योग को लगातार बढ़ावा दिए जाने के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिले 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने योग को शारीरिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण बनाए रखने का अनूठा माध्यम बताया।

एक अन्य प्रतिभागी ने कहा कि यदि योग को रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बना लिया जाए तो इसके अनेक लाभ मिलते हैं। उन्होंने बच्चों को भी योग का महत्व सिखाने और नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

--आईएएनएस

वीकयू/एएस