☰
×

अनोखी पहल: 12वीं की छात्राएं बनीं एक दिन की अधिकारी, एसएसपी आफिस में फरियादियों की सुनीं समस्याएं

 

लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में महिला सशक्तीकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गोरखपुर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। 12वीं की दो छात्राओं को एक दिन का अधिकारी बनाया गया, जहां छात्राओं ने सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

गोरखपुर में 12वीं कक्षा की छात्रा नैन्सी तिवारी और घृती तिवारी ने एसएसपी कार्यालय में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी नॉर्थ राजेश गुणावत के साथ जनसमस्याओं को सुना। दोनों छात्राएं गोरखपुर के जंगल धूसड़ स्थित एकेडमिक ग्लोबल स्कॉलर स्कूल की छात्रा हैं।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत इन छात्राओं को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और जनसमस्याओं की सुनवाई में सहभागिता का अवसर मिला। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना भी मिशन शक्ति अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

नैन्सी तिवारी और घृती तिवारी की इस सहभागिता को बालिकाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। इस तरह की पहल से छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पहचानने का अवसर मिलता है। इस दौरान एसपी नार्थ राजेश धुनावत ने कहा कि इस पहल से न केवल छात्राओं और युवाओं के अंदर कॉन्फिडेंस आएगा, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली से भी वे अवगत होंगे। साथ ही बेहतर पुलिसिंग का सपना भी साकार होगा।

एक दिन की अधिकारी बनकर घृति तिवारी और नैंसी तिवारी ने दर्जनों मामलों को सुना और फरियादियों की फरियाद सुनकर कइयों का निवारण भी किया। निश्चित रूप से इस तरह की पहल से न केवल बेहतर पुलिसिंग का सपना पूरा होगा, बल्कि नई पीढ़ियों को पुलिस की कार्यप्रणाली को सीखने का मौका मिलेगा।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी