×

अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, एनकाउंटर में दो संदिग्ध ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल
 

 


शामली: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए संदिग्धों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।

यह मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों संदिग्धों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों को ढेर कर दिया गया।

सुबह चार बजे चेकिंग के दौरान दिखी संदिग्ध बाइक

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद मामले के खुलासे के लिए SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी संबंधित थाना प्रभारियों, ASP और CO स्तर के अधिकारियों को लगाया गया था। पुलिस ने आधी रात से सुबह छह बजे तक विशेष नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया।

एसपी के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे हिजाना के SHO वीरेंद्र कसाना अपने थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी, जिस पर दो संदिग्ध सवार थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

इसके बाद वायरलेस के जरिए पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। संदिग्ध बाइक तेज रफ्तार से कैराना की ओर निकल गई।

मन्ना मादरा पुल के पास भी पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, जब दोनों संदिग्ध मन्ना मादरा पुल के नीचे पहुंचे, उस समय कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर यहां भी पुलिस पर गोली चला दी। फायरिंग में पुलिस वाहन का विंडशील्ड टूट गया।

इसके बाद पुलिस ने वायरलेस पर पहले से जारी अलर्ट के आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी। मौके पर SWAT टीम, सर्विलांस टीम, SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध शहर की ओर मुड़ने के बाद औद्योगिक क्षेत्र की तरफ चले गए। यहां पुलिस और आरोपियों के बीच लंबी मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में दोनों संदिग्ध घायल हो गए। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर जताई थी नाराजगी

अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई थी। परिवार ने पुलिस को मामले में कार्रवाई के लिए चार दिन का समय दिया था।

इसके बाद शामली के डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों ने अंकित के पिता सतवीर सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

अब दो संदिग्धों के एनकाउंटर के बाद पुलिस की कार्रवाई को इस मामले में अहम सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

हरियाणा तक पहुंची जांच की कड़ी

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में हरियाणा कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल तक पहुंच चुकी हैं। जांच में सामने आया है कि हत्या में शामिल बताए जा रहे शूटर हरियाणा के इन इलाकों से जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, अंकित पर हमला करने के लिए कुल चार बदमाश आए थे। चारों ने एक साथ फायरिंग की थी। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध पीले गमछे में दिखाई दिए थे। वारदात के बाद शूटरों के हरियाणा की ओर भागने की बात भी सामने आई थी।

जांच के दौरान एक आरोपी के भागते समय फोन पर किसी से बातचीत करने की बात भी CCTV फुटेज में सामने आई थी। अब पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दोनों संदिग्धों के जरिए हत्याकांड के बाकी आरोपियों और साजिश के पीछे के लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।