×

अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, फरार 2 शूटरों पर 1-1 लाख का इनाम घोषित
 

 


हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 26 अगस्त को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिरा चुकी है। अब हत्याकांड में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है।

सत्यम और आर्यन पर एक-एक लाख का इनाम

पुलिस ने गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे फरार शूटर सत्यम और आर्यन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही हैं। जांच एजेंसियां गुजरात, अहमदाबाद और दिल्ली समेत संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश कर रही हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद दोनों आरोपियों का अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

मुठभेड़ में दो शूटर मारे जा चुके

इस मामले में पुलिस पहले ही दो कथित शूटरों सुमित और मोहित को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। बीते रविवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

अब पुलिस की नजर उन दो आरोपियों पर है, जो कथित तौर पर वारदात के बाद फरार हो गए।

हत्या से पहले की गई थी रेकी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश पहले से तैयार की गई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर सिंगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी गाड़ी पर GPS डिवाइस लगाया था।

पुलिस ने GPS खरीदने वाले एक संदिग्ध को गाजियाबाद से हिरासत में लिया था। इसके बाद जांच में हत्याकांड की साजिश और आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

मंत्री ने परिवार से की मुलाकात

घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल शामली के बंतीखेड़ा गांव पहुंचे और अंकित बालियान के परिवार से मुलाकात की।

उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए घटना को बेहद दुखद बताया। मंत्री ने कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण नहीं देती और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी ने की सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

अंकित बालियान की पत्नी सीमा बालियान ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि परिवार को तभी न्याय का एहसास होगा, जब हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम के बाद कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है।