अंकित बलियान के परिजनों से मिलीं इकरा हसन, पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का भरोसा
शामली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान की हत्या के बाद सियासत भी गरमा गई है। शुक्रवार को कैराना से सपा सांसद इकरा हसन और उनके भाई कैराना विधायक नाहिद हसन पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे।
दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना की पूरी जानकारी ली। परिजनों ने रोते हुए बताया कि कैसे अंकित की हत्या की गई और अब उन्हें इंसाफ की उम्मीद है।
इस दौरान सांसद इकरा हसन ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कराई। इकरा हसन ने अपने फोन से अंकित बलियान के परिजनों की अखिलेश यादव से बात कराई। अखिलेश यादव ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में समाजवादी पार्टी पूरा परिवार के साथ खड़ी है। अंकित के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर प्रयास करेगी और हर संभव मदद दी जाएगी।
सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। कलाकारों और आम लोगों की हत्या हो रही है और सरकार खामोश बैठी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।
इससे पहले अखिलेश यादव ने यूपी के समस्त जाट समुदाय के आक्रोशित होने का दावा किया था। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा था, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है। जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है। उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। बेहद निंदनीय।"
बता दें कि बुधवार को शामली जिले में हरियाणवी और पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
--आईएएनएस
एससीएच