×

अंकित बालियान के बाद परिवार से मिले मासूम शर्मा, कहा- परिवार के साथ खड़ा हूं

 

शामली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने पहुंचे हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुलाकात के बाद अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने कहा कि परिवार की सबसे बड़ी मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई है। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब है और उनके ऊपर लोन चल रहा है। वहीं, मासूम शर्मा ने कहा कि वह पहले धमकी की वजह से परिवार से मिलने नहीं आ पाए थे।

मासूम शर्मा ने मीडिया को बताया कि वह पहले अंकित के परिवार से मिलने इसलिए नहीं आ पाए क्योंकि उन्हें भी धमकी से जुड़ी चिंताएं थीं। बाद में मंत्री और बालियान परिवार से जुड़े लोगों से बातचीत के बाद सुरक्षा के साथ परिवार से मिलने पहुंचे।

मासूम शर्मा ने कहा कि किसी परिवार के जवान सदस्य को खोने का दुख बेहद बड़ा होता है और उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई और सहयोग का भरोसा दिया। जब उनसे खुद को मिल रही धमकियों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें दिन-रात धमकियों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के चलते फिलहाल स्थिति कुछ नियंत्रित नजर आ रही है।

अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मासूम शर्मा से मुलाकात के दौरान परिवार के मुद्दों पर बातचीत हुई। मासूम शर्मा ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और सहयोग का भरोसा दिया है, लेकिन आर्थिक मदद किस रूप में या कितनी होगी, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

सीमा ने कहा कि आर्थिक मदद की चर्चा जरूर हुई है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से परिवार को इस संबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। परिवार की स्थिति ऐसी है कि उसका पूरा भार एक व्यक्ति पर था और अंकित के चले जाने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार पर लोन चल रहा है। उनकी पहली मांग यही है कि जो आरोपी अभी खुले में घूम रहे हैं, उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले।

उन्होंने कहा कि मामले में जो भी अपराध में शामिल रहा है, चाहे उसकी भूमिका छोटी हो या बड़ी, किसी को भी छोड़ा नहीं जाना चाहिए। कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे समाज में उदाहरण स्थापित हो और भविष्य में कोई व्यक्ति किसी के खिलाफ इस तरह की साजिश करने से पहले डरे।

सीमा ने परिवार को खतरा होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि जब अंकित निर्दोष थे और उनके खिलाफ हिंसक घटना हुई, तो परिवार के सदस्यों को भी चिंता होना स्वाभाविक है। परिवार सार्वजनिक रूप से आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है, इसलिए उन्हें भी खतरा महसूस होता है। समाज में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

--आईएएनएस

पीएसके