×

अनिल कपूर ने बताया खुद को क्यों मानते हैं सोनम-रिया के लिए डबल बोनस पिता

 

मुंबई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अनिल कपूर जल्द ही गेम रियलिटी शो 'इंडिया के टॉप 1%' में होस्ट के तौर पर नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि वह खुद को अपनी दोनों बेटियों सोनम कपूर और रिया कपूर के लिए डबल बोनस पिता क्यों मानते हैं।

अभिनेता ने कहा, "बहुत से लोगों का कहना है कि मैं अपने परिवार के लिए काम करता हूं लेकिन मैं भी अब ये सीख रहा हूं कि परिवार को वक्त देना कितना जरूरी है।"

उन्होंने कहा, "हमारे जो दामाद हैं, वो परिवार और काम के लिए सही समय निकालते हैं। जब मैं आपकी उम्र का था और रिया पैदा हुई थी, मैं हॉस्पिटल लेट पहुंचा था, जिसके लिए मैं आज तक खुद को माफ नहीं कर सका। रिया की डिलीवरी हो गई थी और मैं कुछ समय बाद वहां पहुंच गया था।"

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रिया का जब जन्म हुआ था, उस समय वे एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। रातभर जगने से उनकी आंख लग गई थी। उन्होंने कहा, "मैं पूरी रात शूट कर रहा था और मेरी आंख लग गई थी और जब मैं जागा, तो रिया का जन्म हो गया था। बेटी होना बोनस है और मेरी दो बेटियां हैं, सोनम और रिया, तो मेरे लिए डबल बोनस है।"

अभिनेता अनिल कपूर का संबंध बॉलीवुड के एक प्रतिष्ठित और बड़े फिल्मी परिवार से है। उन्होंने साल 1984 में सुनीता कपूर से शादी की थी, जो एक पूर्व मॉडल और कॉस्ट्यूम डिजाइनर थीं। अभिनेता के तीन बच्चे हैं, जिनका नाम सोनम, रिया और हर्षवर्धन है।

सोनम कपूर जानी-मानी बॉलीवुड अभिनेत्री हैं, जिनकी शादी आनंद आहूजा से हुई है। वहीं, रिया कपूर फिल्म निर्माता हैं, जिनकी शादी करण बूलानी से हुई है। हर्षवर्धन कपूर अभिनेता हैं। हालांकि, अनिल कपूर के बेटे को उस हद तक स्टारडम और काम नहीं मिला, जितना अभिनेता और उनकी दोनों बेटियों को मिला था।

'इंडिया के टॉप 1%' एक नया गेम रियलिटी शो है जिसे अभिनेता अनिल कपूर होस्ट कर रहे हैं। यह ब्रिटिश शो 'द 1% क्लब' का हिंदी रूपांतरण है। इसमें 100 प्रतियोगी लॉजिक, ऑब्जर्वेशन और कॉमन सेंस पर आधारित सवालों का सामना करते हैं।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम